फर्रुखाबाद में रेलवे ट्रैक डूबा, रायबरेली अस्पताल में भरा पानी:लखनऊ में सड़कें तालाब बनीं; आज यूपी के 46 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

यूपी में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। रविवार सुबह से लखनऊ, रायबरेली, कानपुर, वाराणसी, बरेली समेत 25 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। गोरखपुर समेत 20 से ज्यादा शहरों में बादल छाए हैं। रायबरेली में बारिश के बाद सरकारी अस्पताल परिसर में पानी भर गया। मरीजों और तीमारदारों को घुटनों तक भरे पानी के बीच से होकर अस्पताल पहुंचना पड़ा। फर्रुखाबाद में नेकपुर पुल के पास करीब 150 मीटर कासगंज-कानपुर रेलवे ट्रैक पानी में डूब गया। लखनऊ में तड़के 3 बजे जोरदार बारिश शुरू हुई। 5 घंटे तक लगातार बारिश हुई। शहर के कई इलाकों में सड़कों पर 3-4 फीट पानी भर गया। जलभराव में कई बाइक बंद हो गईं। गलियां तालाब बन गईं। पानी घरों और दुकानों में घुस गया। कई कार आधी डूबी नजर आईं। इधर, प्रदेश में गंगा, यमुना समेत 11 नदियां उफान पर हैं। चित्रकूट में मंदाकिनी और बरदहा नदी का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। रामघाट की सीढ़ियां डूब गई हैं। मानिकपुर में यूपी-एमपी को जोड़ने वाला छोटा पुल (रपटा) पिछले 36 घंटों से जलमग्न है। उन्नाव में गंगा का पानी घरों में घुस गया। लोग छतों पर रहने को मजबूर हैं। गलियों में नावें चल रही हैं। वाराणसी में घाट किनारे बने 100 से अधिक छोटे मंदिर डूब गए हैं। हरिश्चंद्र घाट का शवदाह स्थल भी जलमग्न हो गया है। कल प्रदेश के 46 शहरों में भारी बारिश का अलर्ट है। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें देखिए… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार- उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर से गुजर रहा है। जैसे-जैसे यह आगे बढ़ रहा है, कमजोर पड़ता जा रहा है। हालांकि, इसके प्रभाव से उत्तर भारत में मानसून एक बार फिर मजबूत होता जाएगा। इसका असर उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। अच्छी बारिश हो रही है। अगले 3 दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। आज कहां-कहां बारिश की संभावना? यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…