बघौचघाट थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक सड़क हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बघौचघाट-बजरहां पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार भी गंभीर रूप से चोटिल हो गया। जानकारी के अनुसार, बघौचघाट-पथरदेवा मुख्य मार्ग पर पथरदेवा की ओर से आ रही बाइक ने बघौचघाट निवासी मुलाजीम अंसारी को पीछे से टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मुलाजीम अंसारी सड़क पर गिर पड़े और उनका बायां पैर गंभीर रूप से चोटिल होकर दो हिस्सों में टूट गया। टक्कर के बाद बाइक सवार भी करीब दस मीटर तक सड़क पर घिसटते हुए गिरा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही बघौचघाट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरदेवा पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, बाइक सवार की हालत गंभीर बनी हुई है। बाइक सवार की पहचान कुशीनगर जनपद के चौरा खास थाना अंतर्गत लोहरौलीया ग्राम निवासी रामलाल कुशवाहा पुत्र रमाकांत कुशवाहा के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।