यूपी में मंगलवार को लखनऊ-प्रतापगढ़ समेत 60 शहरों में बारिश हुई। प्रयागराज में इतनी बारिश हुई कि सड़कें तालाब बन गईं। रामबाग रेलवे स्टेशन के 3 ट्रैक डूब गए। इसके चलते तीनों प्लेटफॉर्मों पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई। बारिश का पानी घरों में घुस गया। सोफे पानी में तैरते दिखे। नगर निगम दफ्तर और थाने में भी पानी भर गया। जलभराव के कारण कई जज और वकीलों को हाईकोर्ट पहुंचने में देरी हुई। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मामले का संज्ञान लेते हुए डीएम मनीष वर्मा और नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा को तलब किया। कोर्ट ने पूछा- जलभराव रोकने के लिए क्या योजना है। नगर विकास विभाग के सचिव से हलफनामा दाखिल करने को भी कहा है। इधर, लखीमपुर खीरी में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे SDM यदुवीर सिंह की गाड़ी बाढ़ के पानी में फंस गई। ग्रामीणों ने करीब 20 मिनट बाद धक्का लगाकर गाड़ी बाहर निकाली। संभल में तेज बारिश से रोडवेज बस अड्डा तालाब बन गया। सरकारी अस्पताल में पानी घुस गया। प्रतापगढ़ की लालगंज तहसील और कोतवाली में 2 फीट तक पानी भर गया। प्रदेश में 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैं। प्रयागराज में गंगा-यमुना का पानी घरों में घुसने लगा है। दारागंज में बक्शी बांध के पास खड़ी कार गंगा में डूब गई। क्रेन से कार को बाहर निकाला गया। कानपुर और उन्नाव में गंगा के तटीय इलाके जलमग्न हो गए। 500 से ज्यादा घरों में पानी भरने से लोग छतों पर रहने को मजबूर हैं। वाराणसी में घाट किनारे बने 100 से ज्यादा छोटे मंदिरों में गंगा का पानी घुस गया। मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट के शवदाह स्थलों तक पानी पहुंच गया है। इसके चलते अंतिम संस्कार सीढ़ियों के ऊपरी हिस्से में कराया जा रहा है। चित्रकूट में मंदाकिनी का जलस्तर बढ़ने से रामघाट की सीढ़ियां डूब गई हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 68 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश के चलते बुधवार को गाजीपुर, सोनभद्र और मिर्जापुर में कक्षा 8 तक के स्कूल बंद रहेंगे। वहीं प्रयागराज-कौशांबी में 12वीं तक के स्कूल बंद रहेंगे। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 118.6 मिमी बारिश बुलंदशहर में हुई। इसके बाद संभल में 102.2 मिमी और प्रयागराज में 73.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें देखिए… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार- हवा में कम दबाव का क्षेत्र बनने, मानसून ट्रफ रेखा के उत्तर की ओर खिसकने और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण मानसून सक्रिय हो गया है। 19 से 23 अगस्त के दौरान मानसूनी गतिविधियों में और तेजी आएगी। बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के सिस्टम के असर से बारिश का दौर जारी रहेगा। 20 और 21 अगस्त को भारी बारिश होने के आसार हैं। कल कहां-कहां बारिश की संभावना? यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…