यूपी में मानसून एक्टिव है। शनिवार सुबह से लखनऊ-बाराबंकी समेत 5 शहरों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। जौनपुर, आगरा समेत 30 से ज्यादा शहरों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने आज 66 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 29 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। उधर, मानसूनी बारिश से नदियां उफान पर हैं। गंगा और घाघरा समेत 6 नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। एक लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। वाराणसी के सभी 84 घाट गंगा में डूब गए हैं। मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट के शवदाह स्थल जलमग्न हो गए हैं। अब हरिश्चंद्र घाट पर गलियों और सीढ़ियों पर, जबकि मणिकर्णिका घाट पर छत पर अंतिम संस्कार हो रहा है। दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती भी छत पर कराई जा रही है। नमो घाट भी जलमग्न हो गया है। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का पानी बाजार तक पहुंच गया है। सड़कों पर नावें चल रही हैं। गुप्त गोदावरी की दोनों गुफाएं पर्यटकों के लिए बंद कर दी गई हैं। प्रयागराज में गंगा-यमुना उफान पर हैं। रसूलाबाद से नागवासुकी मंदिर तक जाने वाली रिवर फ्रंट रोड डूब गई है। गंगा का पानी ‘लेटे हुए’ हनुमान मंदिर कॉरिडोर तक पहुंच गया है। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- बंगाल की खाड़ी से नम हवा लगातार उत्तर प्रदेश की ओर चल रही हैं। इसके असर से प्रदेश में मानसून एक्टिव है। 25 अगस्त तक रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…