यूपी में उफनाती नदी में बाइक समेत 2 युवक बहे:कानपुर में अपार्टमेंट की बाउंड्री ढही, 23 जिलों में बाढ़; 65 में बारिश का अलर्ट

यूपी में मानसूनी बारिश से गंगा-यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैं। 23 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। महोबा में दूनर नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। गुरुवार शाम को पुल से गुजरते समय दो युवक बाइक समेत तेज बहाव में बह गए। ग्रामीणों ने रस्सी की मदद से युवकों को बाहर निकाला और बाइक को बहने से बचा लिया। लगातार बारिश की वजह से कानपुर में गंगा किनारे की मिट्टी दरकने से एक अपार्टमेंट की बाउंड्री ढह गई। 40 से ज्यादा फ्लैट वाली बिल्डिंग में दरारें आ गईं। वाराणसी में गंगा और वरुणा नदी का पानी घरों में घुसने लगा है। सड़कों पर नाव चल रही है। 407 परिवार अपना घर छोड़ चुके हैं। सभी 84 घाट डूबे हुए हैं। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी है। बलिया में सरयू नदी उफान पर है। सड़कों पर कमर तक पानी भर गया है। सोनभद्र में प्रदेश का सबसे बड़ा रिहंद बांध ओवरफ्लो हो गया है। मिर्जापुर में अदवा बांध से नदी में 22 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इधर, शुक्रवार सुबह लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज समेत 30 से ज्यादा शहरों में बादल छाए हैं। ठंडी हवाएं चल रही हैं। आज 65 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। मथुरा, आगरा और कन्नौज समेत 16 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो सबसे ज्यादा 79.2 मिमी बारिश ललितपुर, 54.9 मिमी हमीरपुर और 50.3 मिमी चित्रकूट में हुई। बारिश और बाढ़ की वजह से प्रदेश में 2 दिन में 10 लोगों की मौत हो चुकी है। चित्रकूट में मकान ढहने से पिता और दो बच्चों की मौत हो गई। कानपुर देहात में भी मकान ढहने से दो बच्चों की जान चली गई। इसके अलावा, बाराबंकी में दीवार गिरने से एक बुजुर्ग और लखीमपुर खीरी में गड्ढे में डूबने से एक बच्ची की मौत हो गई। बिजनौर में नदी पार करते वक्त एक 18 साल का युवक बह गया। बाढ़ की तस्वीरें देखिए… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से उठा कम दबाव का क्षेत्र अब आगे बढ़कर उत्तरी-पूर्वी मध्य प्रदेश के पास पहुंच गया है। इसके साथ ही हवा का एक चक्रवात उत्तरी हरियाणा के ऊपर बना हुआ है। इन दोनों वजहों से यूपी में मानसून बहुत मजबूत हो गया है। अगले 5 दिनों तक पूरे प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। आज कहां-कहां बारिश हो सकती है? यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…