यूपी में मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी है। शनिवार सुबह से लखनऊ, नोएडा और गोरखपुर में रुक-रुककर बारिश हुई। बिजनौर में 12 साल का बच्चा खुले नाले में गिरकर तेज बहाव में बह गया। करीब 500 मीटर दूर उसका शव मिला। मुरादाबाद में बारिश के बीच चार मंजिला जर्जर बिल्डिंग महज 4 सेकेंड में भरभराकर ढह गई। मलबे की चपेट में आने से बिजली के पोल टूट गए। मलबा सड़क के दूसरी तरफ बनी दुकानों और मकानों तक जा पहुंचा। इधर, लगातार बारिश से वाराणसी और प्रयागराज समेत 26 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। इससे करीब 3.53 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। अब तक 17,544 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि करीब 5 हजार लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे किया। उन्होंने वरुणा नदी के बढ़े जलस्तर और आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया। इससे पहले, आगरा में शुक्रवार देर रात जलभराव में एंबुलेंस फंस गई। लोगों ने प्रेग्नेंट महिला को चारपाई पर लादकर घर से 500 मीटर दूर एंबुलेंस तक पहुंचाया। मेरठ और बाराबंकी में भारी बारिश के बीच मकान ढह गया। 2 बच्चों समेत 3 लोग घायल हो गए। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के 54 जिलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा 48.7 मिमी बारिश संभल में दर्ज की गई। मौसम विभाग ने रविवार को सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें आगरा, मुरादाबाद, गोरखपुर समेत 34 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें देखिए… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- पूर्वी यूपी के करीब राजस्थान के पास बना मानसूनी सिस्टम 24 घंटे के बाद पूर्व की तरफ मुड़ेगा। इससे 6 से 8 सितंबर के बीच पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में भारी बारिश होगी। 8 सितंबर के बाद बारिश कराने वाला यह सिस्टम कमजोर पड़ जाएगा। इससे पूरे राज्य में भारी बारिश थम जाएगी। हालांकि, कहीं-कहीं हल्की-फुल्की बारिश या बौछारें पड़ती रहेंगी। आज किन-किन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…