यूपी में लगातार हो रही बारिश से कई नदियां उफान पर हैं। वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर और अयोध्या समेत 26 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। प्रयागराज में गंगा और यमुना के सभी घाट जलमग्न हैं। दारागंज घाट पर शवदाह गृह में पानी भरे होने की वजह से लोगों को अंतिम संस्कार के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। मजबूरन सड़कों के किनारे ऊंची जगहों पर चिताएं जलानी पड़ रही हैं। वाराणसी और कानपुर में गंगा का जलस्तर बढ़ने से पानी लोगों के घरों में घुस गया है। लोग छतों पर रहने को मजबूर हैं। रामपुर में बाढ़ के कारण कई छोटे पुल डूब गए हैं। भैया नगला गांव में पुल टूटने से गांववाले जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे हैं। बाढ़ के हालात को देखते हुए योगी ने शनिवार को काशी के प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। इधर, रविवार सुबह से लखनऊ और कानपुर समेत सभी शहरों में मौसम साफ है। हालांकि, बीच-बीच में बादल छा रहे हैं। आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बना कम दबाव का क्षेत्र अब और मजबूत हो गया है। इसके असर से अगले 2-3 दिन प्रदेश में हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें देखिए… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- बंगाल की खाड़ी में बना बारिश का सिस्टम मध्य प्रदेश की तरफ बढ़ रहा है। इसके असर से पश्चिमी यूपी में तेज बारिश जारी रहेगी। अगले 48 घंटे में मौसम का रुख बदलेगा और पूर्वी यूपी में फिर से भारी बारिश होगी। 8 सितंबर के बाद यह सिस्टम कमजोर पड़ जाएगा। पूरे प्रदेश में बारिश लगभग थम जाएगी। यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…