कानपुर में 63 साल के करोड़पति दवा कारोबारी की हत्या उनके नौकर ने अपने साथी के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने रविवार शाम 7:30 बजे दोनों को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी विशाल गौतम (30) और राज किशोर (30) हैं। विशाल कारोबारी का नौकर है। उसने बताया- हमने कारोबारी की बहू के कहने पर हत्या की थी। उन्होंने पैसे देने के लिए कहा था। इससे पहले रविवार तड़के 3 बजे कारोबारी का शव फ्लैट के कमरे में फर्श पर खून से लथपथ मिला था। पूरे कमरे में खून फैला था। घटना शहर के पॉश इलाके कल्याणपुर में रतन आर्बिट अपार्टमेंट की है। वारदात शनिवार रात 10:30 बजे से तड़के 3 बजे के बीच हुई। उस वक्त कारोबारी का बेटा, बहू और पोता पार्टी में गए थे। जब वे लोग लौटे, तो फ्लैट का मेन गेट खुला था। अंदर जाने पर पिता का शव मिला। इसके बाद घरवालों ने पुलिस को फोन कर बुलाया। पुलिस ने घर में लगे CCTV की फुटेज खंगाली। इसमें 2 संदिग्ध घर में जाते दिखे। इसके आधार पर दोनों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। इसके अलावा पुलिस ने अपार्टमेंट के मेन गेट और आसपास लगे CCTV की फुटेज भी खंगालीं। अपार्टमेंट के एंट्री गेट रजिस्टर जब्त किया। वारदात से जुड़ी 3 तस्वीरें देखिए- दवा के थोक विक्रेता थे, बेटे के साथ संभालते थे कारोबार करोबारी विनीत विनोचा रतन आर्बिट अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर C-104 फ्लैट में परिवार के साथ रहते थे। 4 कमरों और डाइनिंग रूम वाले इस फ्लैट की कीमत एक करोड़ रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। विनीत बिरहाना रोड पर ‘फार्मा ट्रेडर्स’ नाम से दवा की फर्म चलाते थे। वह बेटे सुब्रत के साथ कारोबार संभालते थे। परिवार में पत्नी पुनीता, बेटा सुब्रत, बहू शालू और 6 साल का पोता श्रीजय हैं। पत्नी पुनीता मैरिज काउंसलर हैं। वह एक सप्ताह पहले गाजियाबाद गई थीं। बेटी सुभानी और दामाद गुरुग्राम में रहते हैं। दोनों इंजीनियर हैं। पड़ोसी को घटना की भनक तक नहीं लगी लखनऊ के ठाकुरगंज के रहने वाले विनीत के समधी नरेश अरोड़ा ने बताया- रविवार तड़के मेरी बेटी ने फोन कर घटना के बारे में बताया। उसने बताया कि वह अपने पति और बेटे के साथ रात 10:30 बजे घर से गई थी। रात 3 बजे तीनों लौटे, तो फ्लैट के अंदर ससुर का शव पड़ा मिला। इसके बाद दामाद ने पड़ोसी पंकज तिवारी और अन्य लोगों को फोन किया। पड़ोसी मौके पर पहुंचे। पंकज ने बताया कि वारदात की उन्हें भनक तक नहीं लगी, जबकि उनका घर विनीत के बगल में ही है। कमरे में संघर्ष के निशान मिले फोरेंसिक टीम ने घटना वाली जगह से सबूत जुटाए हैं। विनीत जिस कमरे में सोते थे, उसी में उनका शव मिला। बेड की चादर खून से सनी थी और फर्श पर भी खून फैला था। कमरे में संघर्ष के निशान भी मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, विनीत पर अचानक हमला किया गया। हमला होने के बाद उन्होंने बचने के लिए भागने की कोशिश की होगी। इसी दौरान कमरे में संघर्ष हुआ। हमलावर ने उनकी हत्या कर दी। कमरे में दूसरे सामान से छेड़छाड़ नहीं हुई है। इससे आशंका है कि हमलावर का मकसद सिर्फ हत्या करना था। CCTV में 2 संदिग्ध नजर आए ACP दिलीप सिंह ने बताया- जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले। CCTV फुटेज में 2 लोग घर में जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। दोनों को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा नौकरों से भी पूछताछ की गई। हत्यारोपियों ने गर्दन रेतने के साथ ही पूरे शरीर को चाकू से गोद डाला। इससे साफ है कि मर्डर लूटपाट के इरादे से नहीं हुआ। बेटे की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीन पीढ़ियों का है दवा कारोबार कानपुर दवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष और यूपी रिटेल केमिस्ट एंड डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन (RCDA) के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सैनी ने बताया- कारोबारी विनीत कानपुर के टॉप-5 दवा कारोबारियों में एक थे। विनीत का परिवार तीन पीढ़ियों से दवा कारोबार कर रहा है। पहले विनीत के पिता, फिर विनीत और अब उनका बेटा सुब्रत दवा कारोबार संभाल रहा है। उन्होंने कहा- उनकी 1968 से फार्मा ट्रेडर्स के नाम से बिरहाना रोड दवा मार्केट में शॉप है। उनकी इस तरह से नृशंस हत्या बेहद निंदनीय है। हत्याकांड के बाद से दवा व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर गुस्सा है। कर्मचारी बोले- साहब ने आज तक सैलरी से एक रुपए नहीं काटा विनीत की फर्म में 22 कर्मचारी काम करते हैं। हत्या का पता चलते ही आदित्य, अनुराग समेत कई कर्मचारी पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। हमारे मालिक विनीत ने आज तक भी एक रुपए सैलरी से नहीं काटा। वो बहुत हंसमुख स्वभाव के थे। उनकी डांट में भी हंसी और प्यार झलकता था। कारोबारी की मां बोली- मेरे विनीत को ले आओ कारोबारी का शव अंतिम संस्कार के लिए भैरवघाट ले जाया गया। यहां कारोबारी की बूढ़ी मां चंचल बेटे के शव को देखकर रो पड़ीं। बोली- मेरे विनीत को ले आओ। मेरा बेटा क्यों सो गया, उठाओ। मेरा विनीत क्यों सो गया? विनीत के छोटे भाई पुनीत नवाबगंज के सिग्नेचर सिटी में रहते हैं। उनकी माल रोड पर लैपटॉप की दुकान है। रतन ऑर्बिट में गुस्साए लोगों का हंगामा दवा कारोबारी की हत्या के बाद गुस्साए लोगों ने रतन ऑर्बिट के गेट पर हंगामा और प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि यहां तैनात सिक्योरिटी तुरंत हटाई जाए। इनकी वजह से ही इस तरह की घटना हुई है।
—————————- ये खबर भी पढ़ें… लखनऊ में चलती AC बस में भीषण आग लगी:शहीद पथ पर टायर फटने से हादसा; 30 यात्रियों को लेकर गोरखपुर से दिल्ली जा रही थी लखनऊ के शहीद पथ पर चलती डबल डेकर AC बस में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को चपेट में ले लिया। यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सभी आनन-फानन में बस से उतरकर भागे। बस 30 यात्रियों को लेकर गोरखपुर से सूरत जा रही थी। पढ़ें पूरी खबर…
—————————- ये खबर भी पढ़ें… लखनऊ में चलती AC बस में भीषण आग लगी:शहीद पथ पर टायर फटने से हादसा; 30 यात्रियों को लेकर गोरखपुर से दिल्ली जा रही थी लखनऊ के शहीद पथ पर चलती डबल डेकर AC बस में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को चपेट में ले लिया। यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सभी आनन-फानन में बस से उतरकर भागे। बस 30 यात्रियों को लेकर गोरखपुर से सूरत जा रही थी। पढ़ें पूरी खबर…