बारिश में बिजली सुरक्षा को लेकर विभाग ने किया सावधान:एसडीओ ने कहा- टूटे तार या पोल के पास न जाएं, विभाग को दें सूचना

सुरियावां में बारिश के मौसम को देखते हुए बिजली विभाग ने लोगों से खास सावधानी बरतने की गुजारिश की है। सुरियावां बिजली विभाग के एसडीओ प्रताप भार्गव ने कहा कि बारिश के दौरान बिजली के खंभों, खुले तारों और ट्रांसफॉर्मर के पास जाने से बचें। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण जमीन में नमी बढ़ जाती है, जिससे बिजली का करंट फैलने का खतरा ज्यादा हो जाता है। ऐसे में किसी भी टूटे हुए तार को हाथ न लगाएं और न ही उसके करीब जाएं। अगर कहीं बिजली का तार टूटकर गिरा दिखाई दे, तो तुरंत बिजली विभाग को इसकी जानकारी दें। एसडीओ प्रताप भार्गव ने आम लोगों से गुजारिश करते हुए कहा, “सावधानी ही सुरक्षा है। बारिश के दौरान खुले तारों और बिजली के खंभों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें और खुद के साथ-साथ दूसरों को भी सुरक्षित रखें।”