महराजगंज में लड़की बंदूक लेकर पुलिस चौकी पहुंची:रोते हुए बोली- बाबा ने जमीन बेच दी; चाचा-चाची पीटते हैं

महराजगंज में सोमवार को एक लड़की बंदूक लेकर पुलिस चौकी पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने उसे रोक लिया। उससे बंदूक लेने की कोशिश की, लेकिन लड़की ने बंदूक देने से मना कर दिया और रोने लगी। लड़की ने बताया कि उसके बाबा ने चाचा के कहने पर करीब 2 डिसमिल जमीन बेच दी। लड़की ने इसका विरोध किया था। आरोप है कि इसके बाद चाचा-चाची ने उसे और उसकी बहन से मारपीट की। दोनों के साथ गाली-गलौज भी की। घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की है। पुलिस ने बंदूक अपने कब्जे में ले ली। उसे मालखाने में जमा करा दिया है। इसके बाद लड़की को समझाकर घर भेज दिया। मामला श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र का है। पढ़िए पूरा मामला… धरमौली गांव की रहने वाली नंदनी सोमवार दोपहर परतावल चौकी पहुंची। उसके हाथ में लाइसेंसी बंदूक थी। उसे बंदूक के साथ देखकर पुलिसकर्मी हैरान रह गए। नंदनी ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता नहीं हैं। परिवार में जमीन के बंटवारे और हिस्सेदारी को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। वह अपने हिस्से की जमीन की मांग कर रही है। नंदनी ने थाने में तहरीर दी। आरोप लगाया कि उसके बाबा रामानंद ने चाचा के कहने पर करीब 2 डिसमिल जमीन बेच दी। इसी मामले में पूछताछ करने पर चाचा राजकुमार, चाची चिंतामणि और चाचा खदेरु यादव ने उसके साथ गाली-गलौज की। लाठी-डंडों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। एक-दूसरे पर मारपीट और धमकी का आरोप पुलिस ने बताया कि रविवार को दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। सूचना मिलने पर परतावल चौकी पुलिस के साथ डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। नंदनी ने अपने चाचा-चाची पर मारपीट और गाली-गलौज का आरोप लगाया था। वहीं, दूसरे पक्ष की चिंता देवी ने भी नंदनी के खिलाफ तहरीर दी। इसमें उसने नंदनी पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया। साथ ही लाइसेंसी बंदूक के दुरुपयोग की शिकायत की। दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। चौकी प्रभारी आलोक राय ने बताया- मामला पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर चाचा और भतीजी के बीच हुए विवाद का है। दोनों पक्षों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच की जा रही है। दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जा रही है। ————————— यह खबर भी पढ़ें- मायावती ने आकाश को तीसरी बार पद से क्यों हटाया, क्या पॉलिटिकल करियर खत्म?, बसपा को फायदा या नुकसान 2 अगस्त, 2026 को मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से निकाल बाहर किया। मायावती ने ‘X’ पर लिखा- बार-बार चेतावनी के बावजूद अशोक सिद्धार्थ के रवैये में कोई सुधार नहीं आया। इस वजह से उनसे सभी जिम्मेदारियां छीन ली गई थीं। इसके ठीक 32वें दिन मायावती ने उनके दामाद और अपने भतीजे आकाश आनंद से राष्ट्रीय समन्वयक का पद छीन लिया। पढ़िए पूरी खबर…