लखनऊ एयरपोर्ट पर दिल्ली से आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-1717 मंगलवार दोपहर पहले प्रयास में लैंड नहीं हो पाई। विमान को गो-अराउंड कराना पड़ा। इसी विमान में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी सवार थे। बताया जा रहा है कि विमान लैंडिंग के बिलकुल करीब था, तभी पायलट को लगा कि विमान सही तरीके से लैंड नहीं कर पा रहा है। ऐसे में उन्होंने लैंडिंग रोक दी और विमान को दोबारा ऊपर ले गए। इससे अचानक यात्रियों को तेज झटका लगा। कुछ देर के लिए यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए फिर से रनवे की तरफ आकर लैंडिंग की। दूसरी कोशिश में विमान सुरक्षित उतर गया। विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सुरक्षित बताए जा रहे हैं। राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर आए हैं। वह आज रात भुएमऊ गेस्ट हाउस में रुकेंगे। बुधवार को वह दिशा की बैठक में शामिल होंगे। एयरपोर्ट पर राहुल के स्वागत में भारी भीड़ थी। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी, नेता असीम वकार समेत तमाम लोगों ने राहुल का स्वागत किया। लोग राहुल से मिलना चाहते थे। धक्का-मुक्की भी हुई। सिक्योरिटी में तैनात जवान ने एक युवक को धकेला तो राहुल ने उसे टोका। कई बार राहुल भीड़ से बचने के लिए खड़े भी हो गए। दोपहर 2:20 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी फ्लाइट, 25 मिनट दोबारा हवा में रही जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया की AI-1717 फ्लाइट दोपहर करीब 2:20 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी। इसका लखनऊ पहुंचने का निर्धारित समय करीब 3:30 बजे था। लखनऊ एयरपोर्ट पर पहली लैंडिंग की कोशिश के दौरान एप्रोच अनस्टेबल होने पर गो-अराउंड किया गया। करीब 25 मिनट हवा में रहने के बाद विमान ने दोबारा रनवे की ओर एप्रोच लिया और दूसरी कोशिश में सुरक्षित लैंडिंग हुई। फिलहाल, इस इमरजेंसी स्थिति की वजह मौसम या कोई टेक्निकल समस्या थी, एयरलाइंस ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया है। एयरपोर्ट पर राहुल की 3 तस्वीरें देखिए… भुएमऊ गेस्ट हाउस में जनता दरबार लगाएंगे लखनऊ से राहुल गांधी काफिला लेकर शाम 6 बजे रायबरेली पहुंचे। महराजगंज कस्बे में उनके स्वागत में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। करीब एक किलोमीटर तक लोग लाइन में लगे खड़े नजर आए। इसके बाद राहुल का काफिला गोल चौराहे पर पहुंचा। यहां भी लोग उनके स्वागत में खड़े थे। व्यापारियों के साथ राहुल बैठक कर सकते हैं। 9 सितंबर को राहुल भुएमऊ गेस्ट हाउस में जनता दरबार लगाएंगे। सुबह 11:30 बजे विकास भवन में दिशा की बैठक में शामिल होंगे। क्या होता है गो-अराउंड? एविएशन में गो-अराउंड एक सामान्य सुरक्षा प्रक्रिया है। जब पायलट को लगता है कि मौजूदा एप्रोच में विमान की सुरक्षित लैंडिंग संभव नहीं है, तो वह लैंडिंग रोककर विमान को दोबारा ऊंचाई पर ले जाता है। इसके बाद नए एप्रोच के जरिए लैंडिंग की जाती है। ****************** यह खबर भी पढ़िए:- उमेश पाल की पत्नी को धमकी- RDX से उड़ा देंगे:प्रयागराज कोर्ट में जया पाल भावुक, बोलीं- जैसे पति को मारा गया, वैसी ही मेरी हत्या होगी प्रयागराज की जिला अदालत में उमेश पाल हत्याकांड को लेकर बहस शुरू हो गई। मंगलवार दोपहर 3:15 बजे उमेश पाल की पत्नी जया पाल ने SC/ST कोर्ट पहुंचकर अपना बयान दर्ज कराया। जया से जब उनके पति की हत्या को लेकर सवाल हुए तो वे भावुक हो गईं। उन्होंने अपनी जान को खतरा बताया। कोर्ट के बाहर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, मुझे सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। कहा जा रहा है कि RDX से उड़ा दिया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर…