यूपी में आज बुधवार को वाराणसी-प्रयागराज समेत 23 जिलों में बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी यूपी से मानसूनी बादल गायब हो गए हैं। पूर्वी यूपी में बारिश वाले बादलों डेरा है। बारिश के कारण लखीमपुर और बरेली में कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। वाराणसी में प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। कक्षा 6 से 12 तक के स्कूल सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेंगे। बारिश की वजह से यूपी होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) की तारीख बदल दी गई है। पहले यह 8 सितंबर से होनी थी। अब यह 14 सितंबर से शुरू होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुख्य सचिव एसपी गोयल मंगलवार को चार बड़े अधिकारियों के साथ चित्रकूट पहुंचे। उन्होंने मंदाकिनी नदी में आई बाढ़ से प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। सदगुरु सेवा संघ ट्रस्ट ने सदगुरु पब्लिक स्कूल और विद्याधाम स्कूल के करीब 250 बाढ़ प्रभावित छात्रों की फीस माफ करने का एलान किया। वहीं मंगलवार को लखनऊ, वाराणसी और प्रयागराज समेत 10 शहरों में हल्की बारिश हुई। 24 घंटे में 55 जिलों में औसत बारिश 4.4 रिकॉर्ड की गई। उधर, लगातार 2 हफ्तों की बारिश और बांधों से छोड़े गए पानी के कारण गंगा और यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैं। 26 जिलों में करीब 3.5 लाख की आबादी बाढ़ से घिरी हुई है। फर्रुखाबाद में गंगा खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। डीएम डॉक्टर अंकुर लाठर और एसपी आरती सिंह मंगलवार को बाढ़ में डूबे चितार गांव पहुंचीं। दोनों घुटने तक पानी में चलकर लोगों के बीच पहुंचीं और खाने-पीने की चीजें बांटी। यहां 10 दिन में 15 से अधिक मकान गंगा में समा चुके हैं। बलिया में सरयू नदी की बाढ़ में कार और बाइक डूब गईं। उन्नाव में पांडू नदी का पानी बस्तियों में घुस गया है। गलियों में नावें चल रही हैं। गोंडा में घाघरा नदी के बाढ़ के पानी के साथ मगरमच्छ रिहाइशी इलाके में पहुंच गया। गांव वाले डर की वजह से घरों से बाहर नहीं निकल रहे। बारिश-बाढ़ की तस्वीरें देखिए… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मध्य यूपी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। साथ ही मानसूनी हवाओं की पट्टी भी यूपी से होकर गुजर रही है। इन दोनों सिस्टमों के असर से नेपाल की सीमा से सटे यूपी के उत्तरी इलाकों में आज बहुत भारी बारिश हो सकती है। अगले 48 घंटों में पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। इसके बाद मौसम साफ होने के साथ बारिश में काफी कमी आ जाएगी। आज किन-किन जिलों में बारिश का अलर्ट? यूपी में बारिश और बाढ़ के पल-पल के अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-