यूपी में बारिश बिल्कुल थम गई है, लेकिन नदियां उफान पर हैं। 11 जिलों में 10 नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। लखनऊ में गोमती नदी उफान पर है। रिहायशी इलाकों के 1000 से ज्यादा घरों में पानी घुस गया है। लोग घरों को छोड़कर पलायन करने को मजबूर हैं। गलियों में नाव चल रही है। पानी गोमती रिवर फ्रंट में भी घुस गया है। अगले आदेश तक उसे बंद कर दिया गया है। फर्रुखाबाद में पुलों के ऊपर से नदियां बह रही हैं। सीतापुर में सरायन नदी खतरे के निशान से 1.62 मीटर ऊपर बह रही है। उन्नाव में सई नदी का पानी 12 से ज्यादा गांवों में घुस गया है। हजारों बीघे धान की फसल डूब गई है। गोंडा में घाघरा खतरे के निशान से 26 सेमी ऊपर बह रही है। 30 गांव टापू में तब्दील हो गए हैं। 25 हजार की आबादी बाढ़ में फंसी है। इधर, आज यानी शनिवार सुबह से पूरे प्रदेश में मौसम साफ है। तेज धूप निकली है। मौसम विभाग (IMD) ने आज किसी भी जिले में बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। IMD के मुताबिक, प्रदेश में मानसूनी सीजन खत्म हो गया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून का समय 1 जून से 30 सितंबर तक माना जाता है। इस सीजन 8% ज्यादा बारिश हुई। मौसम की तस्वीरें देखिए… वाराणसी में BHU के मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव ने बताया- 1 जून से 30 सितंबर 2026 के मानसून सीजन में पूरे यूपी में सामान्य बारिश हुई है। आमतौर पर जितनी बारिश होती है, इस साल उससे 8% ज्यादा कुल 802.9 मिमी बारिश हुई। पूर्वी यूपी में औसत से 2% कुल 817 मिमी और पश्चिमी यूपी में 16% ज्यादा 782.7 मिमी बारिश हुई। आपके शहर में मौसम कैसा है, कब तक बारिश का अलर्ट है और बाढ़ के हालात कैसे हैं? जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…