यूपी में सोमवार शाम 8 जिलों में अचानक मौसम बदल गया। करीब 4 बजे बाराबंकी, प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर में आंधी-बारिश के साथ ओले गिरे। धान और गन्ने की फसलें गिर गईं। किसानों के मुताबिक धान की करीब 20% फसल को नुकसान हुआ है। अयोध्या में करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी आई। दिन में अंधेरा छा गया। आंधी और बारिश के चलते जगह-जगह पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। कई दुकानों के टीनशेड उड़ गए। वाराणसी में भी शाम करीब 5 बजे तेज आंधी चली। इसकी वजह से तीन फ्लाइट्स को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा। उधर, लखनऊ और सीतापुर समेत 11 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर लगातार सातवें दिन बढ़ रहा है। फैजुल्लागंज इलाके के करीब 40 हजार घरों में 4 से 5 फीट तक पानी भर गया है। मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार के लिए 10 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई थी। मंगलवार को 33 जिलों में बारिश का अलर्ट है। वैज्ञानिकों का कहना है कि मौसम में बदलाव मानसून की वापसी की गतिविधियों की वजह से आया है। अलग-अलग हिस्सों में पूरे सप्ताह बारिश की संभावना है। तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं। तस्वीरें देखिए…