समाजवादी पार्टी के तीन बागी विधायक राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी भाजपा में शामिल हो गए। अमेठी में आयोजित सदस्यता ग्रहण समारोह में तीनों ने भाजपा के टोल फ्री नंबर डायल कर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ली। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी की मौजूदगी में तीनों विधायकों को पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा- तुम चाहे जितने भी दलों को इकट्ठा कर अपने राजकुमार को शहंशाह बनाने की कोशिश कर लो लेकिन उत्तर प्रदेश का सच यह है कि कांग्रेस लगातार 9 विधानसभा चुनाव हारती आ रही है। अमेठी इस बात की साक्षी है कि कांग्रेस का वह परिवार अपने दम पर इस क्षेत्र में चुनाव नहीं लड़ सकता तो अपने दम पर राष्ट्र का नेतृत्व कैसे कर सकता है। भाजपा में शामिल होने के बाद अभय सिंह ने कहा कि रामचरितमानस जलाए जाने पर सपा के विरोध न करने से मन आहत हुआ, इसलिए पार्टी छोड़ने का फैसला किया। राकेश प्रताप सिंह ने कहा- मैं भाजपा में विधायक बनने नहीं आया हूं, भाजपा का विधायक बनाने आया हूं। तीनों विधायकों ने 2022 का विधानसभा चुनाव सपा के टिकट पर जीता था। हालांकि, फरवरी 2024 में राज्यसभा चुनाव के दौरान इन्होंने पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर भाजपा के प्रत्याशी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की थी। तस्वीरें देखिए… बागी विधायकों के भाजपा में सदस्यता ग्रहण समारोह के पल-पल अपडेट्स के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…