पश्चिम यूपी में आंधी-बारिश शुरू, 23 जिलों में अलर्ट:लखनऊ में बाढ़, गलियों में अब भी 4 फीट तक पानी; डेंगू के 10 नए केस

यूपी में एक बार फिर मौसम बदल गया है। गुरुवार सुबह से मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली समेत 7 शहरों में तेज हवा के साथ रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम विभाग (IMD) ने आज 23 जिलों में आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई है। वाराणसी के मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव ने बताया, “पहाड़ी इलाकों में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जबकि पूर्वी हवाएं बंगाल की खाड़ी से नमी ला रही हैं। इसके असर से आज पश्चिमी यूपी में बारिश का सिस्टम मजबूत हुआ है। कल पूर्वी और मध्य यूपी में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम साफ हो जाएगा।” इधर, लखनऊ में बाढ़ मुसीबत बनी हुई है। गोमती का जलस्तर घटने जरूर लगा है, लेकिन फैजुल्लागंज इलाके में 3 लाख से ज्यादा आबादी प्रभावित है। घरों में 19वें दिन भी 3-4 फीट पानी भरा है। गली-मोहल्लों में नावें चल रही हैं। डेंगू का खतरा भी बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटों में 10 नए केस सामने आए हैं।