बुलंदशहर के एडीएम न्यायिक भरतराम यादव की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मंगलवार रात 10 बजे लखनऊ के पीजीआई में अंतिम सांस ली। रविवार को बुलंदशहर में हार्ट अटैक के बाद उन्हें नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें ब्रेन हैमरेज भी हो गया था। तबीयत में सुधार नहीं होने पर मंगलवार सुबह भरतराम यादव (57) को लखनऊ पीजीआई में शिफ्ट किया गया था। उन्हें एंबुलेंस से लाया गया था। हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। मूलरूप से फैजाबाद के रहने वाले भरतराम बुलंदशहर में दो साल से तैनात थे। दो साल पहले एसडीएम से एडीएम बनाए गए भरत राम यादव 2015 बैच के प्रमोटी पीसीएस अधिकारी थे। वर्ष 2025 से बुलंदशहर में एडीएम न्यायिक के पद पर तैनात थे। इससे पहले वह प्रतापगढ़ में एसडीएम के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। बेटी की शादी 2020 में मथुरा में तैनात एसडीएम अश्विनी कुमार से हुई थी। उनका बड़ा बेटा डॉक्टर है और लखनऊ के केजीएमयू में तैनात है, जबकि छोटा बेटा प्रयागराज में रहकर सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहा है। इस खबर को अपडेट किया जा रहा है…