उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने समीक्षा अधिकारी (RO) और सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) के 501 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। इसके लिए आरओ/एआरओ परीक्षा-2026 के तहत आवेदन प्रक्रिया 26 अक्टूबर से शुरू होगी। अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसी तारीख तक परीक्षा शुल्क भी जमा करना होगा। आवेदन में सुधार करने और शुल्क संबंधी समस्याओं का समाधान करने के लिए 3 दिसंबर 2026 तक का समय दिया गया है। आयोग के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी ने बताया कि भर्ती का विस्तृत विज्ञापन 26 अक्टूबर से आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध होगा। इसमें आवेदन प्रक्रिया, परीक्षा का पैटर्न, पाठ्यक्रम, आरक्षण, आयु सीमा में छूट और जाति प्रमाणपत्र से जुड़े निर्देश दिए जाएंगे। पढ़ें पूरी खबर… रिटायर्ड IAS राम बहादुर 26 अक्टूबर को सपा में होंगे शामिल रिटायर्ड IAS अधिकारी राम बहादुर 26 अक्टूबर को लखनऊ में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इस दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भी शामिल होने की संभावना है। आगामी चुनावों से पहले उनके सपा में आने को दलित सियासत और पार्टी के PDA समीकरण के लिहाज से अहम माना जा रहा है। राम बहादुर बसपा प्रमुख मायावती के करीबी माने जाते रहे हैं। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने बसपा की सदस्यता ली थी। 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने लखनऊ की मोहनलालगंज सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे। इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले वह भाजपा में शामिल हो गए थे। अब वह सपा का दामन थामने जा रहे हैं। राम बहादुर गोंडा के जिलाधिकारी और लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा वह डॉ. आंबेडकर राष्ट्रीय एकता मंच से भी जुड़े रहे हैं। वह दलित वर्ग से आते हैं और पासी समुदाय में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। नोएडा में एमिटी यूनिवर्सिटी के सामने 5 दुकानों में लगी आग, दम घुटने से कर्मचारी की मौत नोएडा के सेक्टर-125 स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के सामने चाय-नाश्ते की 5 दुकानों में शनिवार को आग लग गई। इस दौरान छोटे सिलेंडर फटने की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। आग बुझाने के दौरान एक व्यक्ति बेहोश मिला। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सीएफओ प्रदीप कुमार के मुताबिक, मृतक दुकानों में काम करता था। उसकी मौत दम घुटने से हुई है। सूचना पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर… सुल्तानपुर में आर्टिगा और स्विफ्ट डिजायर की आमने-सामने टक्कर, 2 की मौत; 7 घायल सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर आर्टिगा और स्विफ्ट डिजायर कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बिहार के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत 7 लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर किया गया है। हादसा शनिवार दोपहर 2:15 बजे दोस्तपुर थाने के किलोमीटर 162.7 पर बढ़ौली गांव के पास हुआ। पढ़ें पूरी खबर… अंजलि अरोड़ा ने आयोजकों को भेजा ₹1 करोड़ का नोटिस, बोलीं- खामोशी को कमजोरी न समझें कानपुर में 15 अक्टूबर को हुए डांडिया नाइट विवाद में ‘कच्चा बादाम गर्ल’ अंजलि अरोड़ा और आयोजक आमने-सामने आ गए हैं। अंजलि ने आयोजकों को 1 रुपए करोड़ की मानहानि का लीगल नोटिस भेजा है। शुक्रवार को अंजलि ने सोशल मीडिया पर कहा- अब मैं इस मामले में कोई बयान नहीं दूंगी। मेरी खामोशी को कमजोरी मत समझना। अब जवाब शब्दों से नहीं, कानून के माध्यम से दिया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर… फिरोजाबाद में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से चाचा-भतीजे की मौत: धान बेचने मथुरा जा रहे थे, मौके पर ही तोड़ा दम फिरोजाबाद के मक्खनपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 पर बाईपास के पास देर रात सड़क हादसे में चाचा-भतीजे की मौत हो गई। दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली से धान बेचने के लिए मथुरा जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनके ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान दीपू और रवि के रूप में हुई है। दोनों सिरसागंज क्षेत्र के ऐदलपुर गांव के रहने वाले थे और रिश्ते में चाचा-भतीजे थे। हादसा रात करीब 11 बजे हुआ। पढ़ें पूरी खबर…. मथुरा में मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार: डकैती की योजना बना रहे थे, पुलिस को देखते ही फायरिंग की मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, बदमाश एक पॉश सोसाइटी में डकैती डालने की योजना बना रहे थे। मुठभेड़ में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने घायल बदमाशों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पढ़ें पूरी खबर….