‘सरकार ने नमाज पढ़ने वालों को जूते मारकर जेल भेजा’:चंद्रशेखर बोले- डीएम भी अपने बच्चे सरकारी स्कूल में पढ़ाएं, नीले पट्टे वाले इंसाफ लेकर रहेंगे

नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने शनिवार को कहा कि सरकार सड़क पर नमाज अदा करने वाले को जूते मारकर जेल भेज रही है। लेकिन, इन्हें ये नहीं पता कि जब नीले पट्टे चढ़ जाएंगे तो इंसाफ लेकर ही मानेंगे। देखिए, कैसे केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा। चंद्रशेखर ने कहा कि सरकार की पुलिस बाबा साहेब की जयंती की परमिशन नहीं देती। ये सबके साथ-सबके विकास का नारा जरूर लगाते हैं, लेकिन इनकी नस-नस में तुष्टीकरण है। इस सोच को हम लोग नेस्तनाबूद करने का काम करेंगे। सांसद चंद्रशेखर दोपहर ढाई बजे मुजफ्फरनगर के मोरना पहुंचे। यहां उन्होंने मीरापुर विधानसभा से अपनी पार्टी के प्रत्याशी रविन्द्र भाटी के समर्थन में रैली की। मंच पर गुर्जर समाज के लोगों ने सांसद चंद्रशेखर को सम्राट मिहिर भोज की मूर्ति भेंट कर उनका स्वागत किया। सांसद चंद्रशेखर की 4 बड़ी बातें पढ़िए… 1. सभी के बच्चे सरकारी स्कूल में पढ़ें चंद्रशेखर ने शिक्षा नीति में बदलाव लाने की बात पर कहा, हम लोग ऐसी पॉलिसी लाएंगे कि कक्षा-1 के बाद चाहे किसी ग्रामीण का बच्चा हो या फिर सचिवालय में बैठने वाले का बच्चा, किसी पटवारी का हो या कानूनगो का, डीएम या कमिश्नर का बच्चा हो, सभी सरकारी स्कूल में साथ पढ़ें। गांव का प्रधान हो चाहे जिला पंचायत अध्यक्ष हो सबके बच्चों को शिक्षा सरकारी स्कूल में मिलनी चाहिए। सरकारी नौकरी भी उसी को मिले, जिसने अपने बच्चे को सरकारी स्कूल में पढ़ाया हो। प्राइवेट स्कूल का मुकाबला अभी गरीब लोग नहीं कर सकते हैं। 10 हजार रुपए महीने फीस देना अभी गरीब के लिए मुमकिन नहीं। 2. सरकार फ्री में राशन देगी, शिक्षा कभी नहीं सांसद ने कहा कि सरकार की नीति सरकारी स्कूल बंद करने की है। ये चाहते हैं कि किसी भी तरह गरीबों का भविष्य बर्बाद करो। वहीं, आजाद समाज पार्टी की नीति कक्षा एक से इंटरमीडिएट तक सभी बच्चों को मुफ्त शिक्षा देने की है। हम लोग जब शिक्षा की बात करते हैं, तब सरकार मंदिर-मस्जिद की बात करती है। सरकार हिंदू-मुसलमान की बात करती है, क्योंकि ये आपको रोटी-दाल, चावल फ्री दे देंगे, नमक-चीनी फ्री दे देंगे, लेकिन शिक्षा फ्री नहीं देंगे। क्योंकि, शिक्षा आपको आगे बढ़ने की समझ देती है। 3. मेरी जेब में पैसे होते तो पिता जी को बचा लेता चंद्रशेखर ने कहा- अगर मेरी जेब में पैसे होते तो मैं अपने पिता जी को बचा लेता। साल 2013 में मैंने तय किया था कि जो मैं अपने परिवार के लिए नहीं कर पाया, वो अपने लाखों परिवारों के लिए करूंगा। ये लड़ाई एक दिन में खत्म या पूरी नहीं होती। आज आप हजारों की संख्या में यहां हो, आप लोग अपनी ताकत को समझो। आप लोग अगर अपने-अपने क्षेत्र में काम करने लगो तो कितना बड़ा ही पहुंच वाला या धुरंधर आ जाए, आपका सामना नहीं कर पाएगा। आप लोगों ने मेरे हर चुनाव में अपनी ताकत दिखाई है। अगर आप लोग पहले के चुनाव में मेरी बात मान लेते, तो वही रिजल्ट आता जिसका जिक्र मैं आप लोगों से कर रहा था। 4. सपा हारना पसंद करेगी, भाजपा को हराना नहीं मीरापुर में हम लोगों को बहुत सपोर्ट मिला है। हमारे प्रत्याशी को यहां पर 1 लाख से ज्यादा वोट मिलेंगे। इंडिया गठबंधन से भी कह रहा हूं कि मिलकर लड़ते हैं। मैं तो सरकार से पूछना चाहता हूं, आपको अच्छे स्कूल और अस्पताल बनाने से कौन रोक रहा? आपको रोजगार देने से कौन रोक रहा है। सपा से गठबंधन को लेकर भी सांसद चंद्रशेखर ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है सपा हारना पसंद करेगी, लेकिन मिलकर भाजपा को हराना पसंद नहीं। —————————- यह खबर भी पढ़ें… योगी बोले- मैं होता तो माफिया को दो किक मारता, CID सीरियल का नाम लेकर कहा- बाल के टुकड़े से केस सुलझा देते थे लखनऊ में सीएम योगी ने पुलिस की जमीन पर माफिया के कब्जे का किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा- भूमाफिया ने पुलिस के नाम दर्ज जमीन अपने नाम करा ली थी। योगी ने कहा, “मैं होता तो उसे बुलाता, दो किक मारता और जमीन खाली कराता। आज अपराधी एक चौराहे पर अपराध करता है और अगले चौराहे पर ढेर हो जाता है।” पूरी खबर पढ़ें…