कानपुर के परेड ग्राउंड में बॉलीवुड सिंगर कैलाश खेर ने शो किया। स्टेज पर 2 घंटे से ज्यादा समय तक रहे कैलाश खेर ने 17 भजन और गीतों की प्रस्तुति दी। इस दौरान उनके फैन झूमते, गाते और डांस करते नजर आए। 20 हजार से ज्यादा लोगों ने एक साथ मोबाइल की टॉर्च ऑन करके हाथ लहराए तो पंडाल में सितारे जगमगाते नजर आए। कैलाश भी हाथ में डमरू लेकर स्टेज पर जमकर नाचे। शो की शुरुआत में उन्होंने कहा कि कान्हापुर कानपुर हो गया है। पावन धरा है। कानपुर बदला गया है। कई बार यहां आया लेकिन इस बार डिसिप्लिन ज्यादा दिख रहा है। ‘एक शाम राम के नाम’ शो का आयोजन परेड रामलीला सोसाइटी के 150 साल पूरे होने के अवसर पर किया गया था। कार्यक्रम के लिए परेड ग्राउंड को विशेष लाइटिंग से सजाया गया।