यूपी में रविवार को PET-2026 परीक्षा का पहला दिन था। प्रदेश के 60 जिलों में 1,372 केंद्रों पर परीक्षा हुई। पहले दिन 11.80 लाख अभ्यर्थियों में से 8.21 लाख ने परीक्षा दी। कुल 69.63% अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा केंद्रों पर एडमिट कार्ड और आधार कार्ड की जांच की गई। बायोमेट्रिक और चेहरे की स्कैनिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। इस दौरान कई केंद्रों पर सख्ती देखने को मिली। लखनऊ में लड़कियों के कलावे काटे गए। उनकी बालियां और हेयर पिन उतरवाई गईं। लड़कों के जूते-मोजे भी उतरवाए गए। कानपुर और बरेली में लड़कियों के बाल खुलवाकर जांच की गई। अलीगढ़ में महिलाओं ने पायल और गले की चेन उतारकर परिजनों को दी। मथुरा में कुछ लड़कों ने दांत से कलावा काटा। उनकी बेल्ट भी उतरवाई गई। अलीगढ़ में अभ्यर्थियों के रूमाल भी बाहर रखवा लिए गए। कन्नौज में एक छात्रा गलत परीक्षा केंद्र पहुंच गई। वह रोने लगी तो ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी उसे बाइक से सही केंद्र तक लेकर पहुंचा। वहीं, गाजियाबाद में दूसरी पाली में एक युवक दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया। अब PET-2026 की परीक्षा 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को होगी। इन दोनों दिनों में भी दो-दो पालियों में परीक्षा होगी।