अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP के नाम वाले वायरल ऑडियो को लेकर चर्चा में आईं उर्मिला सनावर को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 25 अक्टूबर को सहारनपुर के गोविंद नगर स्थित उनके घर से उन्हें हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर रानीपुर कोतवाली में ब्लैकमेलिंग, 5 करोड़ रुपए की मांग करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने 12 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए उर्मिला को गिरफ्तार किया। उनके पास से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। उर्मिला की गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है, जब 26 अक्टूबर को देहरादून की CBI कोर्ट में उनके नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट को लेकर दोबारा सुनवाई होनी थी। 23 अक्टूबर को कोर्ट में पेशी के बाद उर्मिला ने बताया था कि उन्हें नार्को टेस्ट के लिए अपनी सहमति पर विचार करने को कहा गया है। हरिद्वार पुलिस के मुताबिक, उर्मिला को दर्ज मुकदमे के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया और कोर्ट में पेश किया। पुलिस जब उन्हें कोर्ट की तरफ ले गई तो उर्मिला ने कहा कि क्रांतिकारी ऐसे ही जाते हैं। बेटी की शिकायत पर रानीपुर कोतवाली में केस पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर की रात रानीपुर कोतवाली में टिहरी विस्थापित कॉलोनी निवासी महिला ने शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी हैं। आरोप है कि उर्मिला ने सोशल मीडिया पर अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणियां कीं, जिससे उनकी और उनके परिवार की छवि धूमिल हुई। 5 करोड़ रुपए देने की मांग शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि उर्मिला ने व्हाट्सएप कॉल कर रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने और 5 करोड़ रुपए देने की मांग की। ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस ने किया अरेस्ट इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 387/26 दर्ज किया। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(5)(7), 79, 356(3), 356(2) और स्त्री अशिष्ट रूपण (प्रतिषेध) अधिनियम, 1986 की धारा 4/10 के तहत केस दर्ज किया गया है। इसी मामले में पुलिस ने उन्हें आज गिरफ्तार किया है। 23 अक्टूबर को कोर्ट में क्या हुआ था? इससे पहले CBI ने कथित VIP के नाम वाले वायरल ऑडियो की जांच के सिलसिले में उर्मिला सनावर और पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर को नोटिस जारी किया था। दोनों 23 अक्टूबर को देहरादून की CBI कोर्ट पहुंचे थे। अदालत में उर्मिला के नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट को लेकर सुनवाई हुई थी। पेशी के बाद उर्मिला ने बताया था कि उन्हें 26 अक्टूबर को दोबारा कोर्ट में पेश होने को कहा गया है। साथ ही, नार्को टेस्ट को लेकर अपनी सहमति पर विचार करने के लिए कहा गया है। नार्को टेस्ट को लेकर क्या कहा था? उर्मिला ने दावा किया था कि अगर उनका नार्को टेस्ट सही तरीके से और लाइव कैमरों के सामने कराया गया, तो अंकिता भंडारी हत्याकांड समेत अन्य मामलों से जुड़े कई राज सामने आ सकते हैं। उन्होंने कहा था कि वह पीछे हटने वाली नहीं हैं। वहीं, पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने कहा था कि वह CBI की जांच में पूरा सहयोग करेंगे और नार्को टेस्ट के लिए भी तैयार हैं। वायरल ऑडियो में VIP के नाम का विवाद दिसंबर 2025 में सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के बीच बातचीत के कथित ऑडियो-वीडियो वायरल हुए थे। इनमें अंकिता भंडारी हत्याकांड के कथित VIP को लेकर दावे किए गए थे। इन दावों में भाजपा के पूर्व नेताओं के नाम भी लिए गए। हालांकि, कथित VIP की पहचान और वायरल ऑडियो की सत्यता जांच का विषय है। दुष्यंत कुमार गौतम ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को खारिज किया था और इसे उनकी छवि खराब करने की साजिश बताया था। CBI इस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।