यूपी में सियासी हलचल तेज हो गई है। लखनऊ में आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर यूपी में 13 लाख वोटर बढ़वाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पीलीभीत समेत कई जिलों में मुस्लिम मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काटे गए हैं। संजय सिंह ने कहा कि कुछ मतदाताओं के रिकॉर्ड में पिता के नाम के आगे ‘भीख मांगते हैं’ और ‘राम ने यादव को मारा’ जैसी बातें लिखी गई हैं। उनकी पार्टी लगातार इन गड़बड़ियों का मुद्दा उठा रही है, लेकिन चुनाव आयोग की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा। उधर, आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तीन बूथों पर सोमवार को दोबारा मतदान हुआ। दोपहर करीब 2 बजे खेरागढ़ में भाजपा और सपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने स्थिति संभाली। 23 अक्टूबर को हुए मतदान के दौरान प्रत्याशी ने बूथ कैप्चरिंग और मतपत्रों से छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे। शिकायत की जांच और अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर दोबारा मतदान हुए हैं। पीएम मोदी पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की आपत्तिजनक टिप्पणी पर यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है। पीएम मोदी का साथ दे रही है, इसलिए अब उनके कार्यक्रमों में कुर्सियां खाली रह जाती हैं।