एटा में मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश ढेर:सर्राफा कारोबारी से की थी लूट, पुलिसकर्मी भी घायल, साथी फरार

एटा में पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक लाख रुपए का इनामी बदमाश वीरेंद्र मारा गया। इस दौरान उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस ने मौके से अवैध पिस्टल, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं। सर्राफा कारोबारी से लूट का था आरोप पुलिस के अनुसार, वीरेंद्र पर अलीगंज में सर्राफा कारोबारी संजय यादव से लूट करने का आरोप था। 22 अक्टूबर को मेवाती मोहल्ले में मां सरस्वती ज्वेलर्स के नाम से संचालित दुकान पर वारदात हुई थी। आरोपियों ने कारोबारी से 10 किलो चांदी, 250 ग्राम सोना और एक लाख रुपये लूट लिए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छह टीमें लगाई थीं। एडीजी आगरा जोन इस. के. भगत ने 25 अक्टूबर को वीरेंद्र पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। 53 मुकदमे दर्ज, मैनपुरी का रहने वाला था वीरेंद्र पुलिस के मुताबिक, वीरेंद्र पुत्र गुमान सिंह मूल रूप से मैनपुरी जिले के हरचंदपुर का निवासी था। उसके खिलाफ 53 मुकदमे दर्ज थे। पुलिस उसे शातिर अपराधी मान रही थी। पुलिस के अनुसार, वीरेंद्र ने 21 अक्टूबर को उन्नाव में बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोप है कि अगले दिन अलीगंज में सर्राफा कारोबारी से लूट की घटना में इसी बाइक का इस्तेमाल किया गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक अवैध पिस्टल, .32 बोर के तीन जिंदा कारतूस, .315 बोर के तीन खोखे और चोरी की नीली अपाचे बाइक बरामद की है। मुठभेड़ में घायल पुलिसकर्मी के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। वीरेंद्र के मारे जाने के बाद पुलिस अब उसके फरार साथी की तलाश में जुटी है।