काशी में शुक्रवार को धनतेरस पर मां अन्नपूर्णा अपने स्वर्णमयी स्वरूप में भक्तों को दर्शन दे रही हैं। मंदिर के बाहर 2 किमी लाइन लगी है। श्रद्धालु आधी से रात से मंदिर के बाहर खड़े हैं। दर्शन के बाद भक्तों को प्रसाद में सिक्के और लावा दिए जा रहे हैं। उनका कहना है कि इससे घर-परिवार में धन की कमी नहीं आती। सुबह 10.30 बजे तक 60 हजार भक्तों ने मां के दर्शन कर लिए हैं। इससे पहले, सुबह 4 बजे मां का शृंगार किया गया। फिर विशेष पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। अगले पांच दिनों तक श्रद्धालु मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी स्वरूप के साथ भूमि देवी, मां लक्ष्मी और रजत महादेव के दर्शन कर सकेंगे। 5 दिनों तक श्रद्धालुओं को मां के दर्शन के साथ खजाना प्रसाद भी दिया जाएगा। अभिजीत मुहूर्त में विशेष पूजन और आरती के बाद मां के खजाने के साथ 21 किलो के रजत खजाने की भी पूजा-अर्चना की जाएगी।