यूपी में दिवाली, मुस्लिम महिलाओं ने श्रीराम की आरती उतारी:योगी ने गोरखपुर में वनवासियों के साथ आतिशबाजी की, अयोध्या में घर-घर मिठाई बांटी

आज दिवाली है। शाम को लोग दीये जलाकर खुशियां मनाएंगे। जमकर आतिशबाजी होगी। इससे पहले सीएम योगी ने गोरखपुर जिले में वनवासियों (वनटांगिया) के साथ दिवाली मनाई। उन्होंने मंच से बटन दबाकर आतिशबाजी की। रविवार सुबह योगी ने अयोध्या में राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में पूजा की। संतों के साथ खाना खाया। सीएम ने श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास से मुलाकात की। निषाद बस्ती में लोगों के साथ दिवाली मनाई। घर-घर जाकर फल और मिठाई बांटी। उधर, काशी में मुस्लिम महिलाओं ने भगवान श्रीराम की पूजा की। भोग लगाया। उन्होंने श्रीराम और माता जानकी की आरती की। फिर हनुमान चालीसा का पाठ किया। हाथ जोड़कर भगवान का आशीर्वाद लिया। मुस्लिम महिला फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नाजनीन अंसारी ने कहा- धर्म बदलने से हम अरबी, तुर्की या ईरानी नहीं हो जाएंगे। भारत में रहने वाले हर व्यक्ति के पूर्वज श्रीराम ही हैं। धर्म तो बदल सकता है, लेकिन पूर्वज और परंपराएं नहीं बदलतीं।