लखीमपुर खीरी में दीपावली की रात भीषण आग ने एक मंडी को अपनी चपेट में ले लिया। इससे मंडी में एक के बाद एक 50 से ज्यादा दुकानें जलकर राख हो गईं। आग इतनी तेज फैली कि दुकानदारों को सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। हालात काबू में करने के लिए भारत के साथ नेपाल से भी दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। इस घटना में दुकानदारों का लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। आग जिला मुख्यालय से 110 किलोमीटर दूर गौरीफंटा कोतवाली क्षेत्र में लगी। मामला गौरीफंटा कोतवाली क्षेत्र का है। भीषण आग की 2 तस्वीरें…. बनगवां मंडी भारत-नेपाल सीमा के बिल्कुल पास स्थित है। यहां से नेपाल का बॉर्डर करीब 2 किलोमीटर दूर है। वहीं, नेपाल का धनगढ़ी शहर करीब 5 किलोमीटर की दूरी पर है। मंडी में फल-सब्जी और परचून की सैकड़ों दुकानें हैं। दीपावली की रात अचानक मंडी में आग लग गई। देखते ही देखते आग आसपास की दुकानों तक पहुंच गई। 50 से ज्यादा दुकानें जलकर राख हो गईं। नेपाल के धनगढ़ी से भी पहुंचीं दमकल की गाड़ियां लखीमपुर, गोला और निघासन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए प्रशासन ने भारत के साथ नेपाल से भी मदद मांगी। भाजपा नेता रवि गुप्ता के अनुरोध पर नेपाल के धनगढ़ी उपमहानगरपालिका के मेयर गोपी हमाल ने 2 दमकल गाड़ियां और एक JCB बनगवां मंडी भेजी। नेपाल की नगर प्रहरी टीम ने भी राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया। आशंका जताई जा रही है कि दीपावली के चलते दुकानदार अपनी दुकानों में दीपक जलाकर घर चले गए थे। किसी दुकान में जलते दीपक से आग लगी होगी और फिर उसने आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, आग लगने की असली वजह की अभी पुष्टि नहीं हुई है। ———————— ये खबर भी पढ़ें… यूपी में दिवाली- आसमान में जीवंत हो उठी रामायण:राधावल्लभ मंदिर में बिछी चौसर; 2027 दीयों से अखिलेश की तस्वीर बनाई देशभर में आज दिवाली मनाई जा रही है। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में स्नान के बाद 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दीपदान किया। देर रात यहां के रामघाट पर आसमान में रामायण जीवंत हो उठी। अंधेरे आसमान में 500 ड्रोन ने ऐसी रोशनी बिखेरी कि लोग मंत्रमुग्ध होकर देखते रह गए। पढ़िए पूरी खबर…