इटावा में सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा- अगर अखिलेश यादव मंदिर जा रहे हैं, तो योगी जी को इससे क्या दिक्कत है? उन्हें अखिलेश के इस दौरे से इतनी परेशानी क्यों है? अखिलेश के 12 दिसंबर को अयोध्या जाने के ऐलान के बाद सियासत जारी है। योगी ने कहा था कि राम मंदिर सबके लिए है, लेकिन अखिलेश को पहले रामभक्तों से माफी मांगनी चाहिए। वहीं, मंत्री ओपी राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि कारसेवकों पर गोली चलवाने के लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए। उन्हें अपने ‘चच्चा’ और ‘बच्चा’ को भी साथ ले जाना चाहिए। चाचा ने तो राम को काल्पनिक कह दिया था। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के नेता वारिस पठान ने कहा है कि मुस्लिम समुदाय के लोग सिर्फ ‘वोट बैंक’ बनकर नहीं रहेंगे, बल्कि प्रतिनिधि के रूप में सामने आएंगे। एक दिन ‘अब्दुल’ उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री और भारत का प्रधानमंत्री बन सकता है। उनका इशारा अमेरिका में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार अब्दुल अल-सैयद की चुनावी जीत की तरफ था।