कानपुर में 5 मंजिला अपार्टमेंट में आग, 2 की मौत:बच्चा जिंदा जला, 30 फीट से कूदी महिला की भी जान गई; 10 लोग बालकनी से कूदे

कानपुर में 5 मंजिला अपार्टमेंट में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। हादसे में 2 की मौत हो गई। 8-10 लोग झुलस गए। पार्किंग में खड़ीं स्कूटी-बाइकें जल गईं। अपार्टमेंट में कुल 12 फ्लैट हैं। इनमें 50 से 60 लोग रहते हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह करीब 4:30 बजे नीचे के फ्लैट में आग लगी। देखते ही देखते आग पूरी बिल्डिंग में फैल गई। नीचे जाने वाली सीढ़ियों में धुआं भर गया। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। 5-6 फीट चौड़ी गली में बने अपार्टमेंट के सामने 2 मंजिला मकान है। ऐसे में ऊपरी मंजिल के लोग साड़ी और चादरों के सहारे दूसरी मंजिल पर लटकते हुए आए। नीचे वाले सीढ़ियों से ऊपर पहुंचे। फिर पटरा लगाकर मकान की छत पर उतरे। डर की वजह से 8-10 लोग बालकनी से नीचे कूद गए। उन्हें चोटें आई हैं। मृतकों में राखी साहू (48) और प्रांजुल बाथम (15) शामिल हैं। प्रांजुल की मौत जिंदा जलने से हुई। राखी तीसरी मंजिल से कूद गई थीं। नीचे खड़े वैभव गुप्ता पर गिरीं। राखी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वैभव की रीढ़ की हड्‌डी टूट गई। पुलिस का कहना है कि आग की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हादसा शहर के बीचोंबीच फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर चौकी इलाके में बने राधिका अपार्टमेंट में हुआ। हादसे की तस्वीरें देखिए- ‘जब आग लगी, तब सभी सो रहे थे’ महेश तिवारी ने बताया, “मैं राधिका अपार्टमेंट के तीसरे फ्लोर पर रहता हूं। सुबह सभी सो रहे थे, तभी अचानक शोर मचने लगा। दरवाजा खोला तो चारों तरफ धुआं था और आग लगी थी। अफरातफरी मच गई। हम लोग जान बचाने के लिए भागे। तीसरे फ्लोर से धोती के सहारे सेकेंड फ्लोर पर उतरे। वहां पटरा लगाकर सामने वाली बिल्डिंग की छत पर गए। उन्होंने बताया- अपार्टमेंट के मालिक का नाम मोहित तिवारी है। यहां फायर सेफ्टी के कोई इंतजाम नहीं हैं। दमकल की गाड़ियां भी काफी देर से पहुंचीं। तब तक हम लोगों समेत कई लोग नीचे उतर चुके थे। एडवोकेट की पत्नी तीसरी मंजिल से कूदी, मौत 5-6 फीट चौड़ी गली में 2 साल पहले बना था अपार्टमेंट आसपास के लोगों ने बताया कि अपार्टमेंट (मकान संख्या 9/74) रामनारायण बाजार में है। 5-6 फीट चौड़ी गली में लगभग 2 साल पहले बना था। इससे बाहर आने का एक ही रास्ता है। वो भी काफी सकरा है। आरोप लगाया कि आग के बाद हमने डायल 112 पर फोन किया, लेकिन काफी देर तक फोन नहीं उठा। ACP कोतवाली अमित पांडेय ने बताया- सुबह अपार्टमेंट में आग लगने की सूचना मिली थी। अपार्टमेंट में 12 फ्लैट हैं। कुछ लोग पड़ोस के मकानों की दीवारों के सहारे बाहर निकलने में सफल रहे। बाकियों को फायर ब्रिगेड की टीम ने बाहर निकाला। इनमें एक बुजुर्ग, कुछ महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। ‘जितनी भी बिल्डिंगें बनी हैं, सभी की एक बार जांच होनी चाहिए’ स्थानीय निवासी ने बताया, “यहां जितनी भी बिल्डिंगें बनी हैं, सभी की एक बार जांच होनी चाहिए। पता करना चाहिए कि वे किस मानक के हिसाब से और किन परिस्थितियों में बनाई गई हैं। तीन-चार मंजिल बनाने की अनुमति होती है, लेकिन इमारतें पांच-पांच मंजिल तक बना दी जाती हैं। पूरे मामले की तत्काल जांच होनी चाहिए। हादसे में जिन लोगों की जान गई है, उनके परिजनों और प्रभावित लोगों को मुआवजा मिलना चाहिए। साथ ही यह भी तय होना चाहिए कि इस हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है और किसकी जवाबदेही बनती है।” एक महिला की हालत गंभीर, 40 फीसदी तक जली उर्सला हॉस्पिटल के डॉ. शुभम जैन ने बताया- हमारे पास 4 लोग आए। इसमें राखी और प्रांजुल की मौत हो चुकी थी। प्रांजुल पूरी तरह जल चुका था। वैभव गुप्ता की रीढ़ की हड्‌डी में चोट आई है। शायद आग से बचते समय कूदे होंगे। उनको हैलट के न्यूरो डिपार्टमेंट के लिए रेफर किया गया है। प्रांजुल की मां नीता करीब 40% जली हैं। उनकी हालत गंभीर है। ——————————- आपका विधायक काम करता है या नहीं, सर्वे में बताइए… आपके विधायक को क्या दोबारा टिकट मिलना चाहिए? कुछ काम कराया या सिर्फ बातें की, 30 सेकंड में बनाएं रिपोर्ट कार्ड…सर्वे में हिस्सा लेने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…