हरिद्वार- 11 महीने की बच्ची से रेप, आरोपी गिरफ्तार:15 दिन पहले बिहार से आया था; ब्लीडिंग के बाद बच्ची AIIMS रेफर

हरिद्वार में 11 महीने की बच्ची से रेप के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बच्ची के पिता के साथ मजदूरी करता था और करीब 15 दिन पहले ही बिहार के भागलपुर से हरिद्वार आया था। वह बच्ची के परिवार के साथ ही रह रहा था। आरोप है कि वह बच्ची को खिलाने के बहाने उसके साथ गलत हरकत करता था। बच्ची की तबीयत बिगड़ने और ब्लीडिंग होने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जिला अस्पताल से मिले मेमो के बाद पुलिस को घटना की जानकारी हुई। बच्ची को बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र का है। 3 पॉइंट में खबर… 1. 15 दिन पहले बिहार से आया था आरोपी- एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के मुताबिक, आरोपी की पहचान बिहार के भागलपुर निवासी सौरव के रूप में हुई है। वह करीब 15 दिन पहले हरिद्वार आया था और यहां मजदूरी का काम कर रहा था। वह बच्ची के परिवार के साथ ही रह रहा था। आरोप है कि इसी दौरान उसने 11 महीने की बच्ची के साथ रेप किया। बच्ची की तबीयत बिगड़ने और हल्की ब्लीडिंग होने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से पुलिस को मेमो भेजकर घटना की जानकारी दी गई। 2. अस्पताल से मिली सूचना पर पुलिस ने शुरू की जांच- एसएसपी ने बताया कि जिला अस्पताल से सूचना मिलते ही पुलिस की टीम जांच के लिए पहुंची। तब तक बच्ची को एम्स ऋषिकेश रेफर किया जा चुका था। पुलिस एम्स पहुंची और परिजनों से बातचीत की। प्रारंभिक जानकारी में सौरव की भूमिका सामने आई। 3. वाल्मीकि चौक के पास से गिरफ्तार किया- पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे वाल्मीकि चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी के मुताबिक, आरोपी से शुरुआती पूछताछ की गई है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।