पूर्वांचल में दो दिन घने कोहरे का अलर्ट:2 से 4 डिग्री तक गिरेगा पारा; बंगाल की खाड़ी का तूफान बदलेगा मौसम

काशी समेत पूर्वांचल और आसपास के जिलों में अगले दो दिनों तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद उत्तर-पश्चिमी ठंडी और शुष्क हवाओं ने जोर पकड़ लिया है। इसके चलते तापमान में गिरावट के साथ सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में दिन और रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। इससे सुबह कोहरा और वातावरण में ठिठुरन बढ़ने की संभावना है। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पिछले 48 घंटों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में छिटपुट बारिश हुई। इसके बाद ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं तेज हो गईं। प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में दिन और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। तापमान अब सामान्य के करीब पहुंच गया है। हवा में नमी घटने के कारण मंगलवार सुबह कोहरे के घनत्व में भी कमी दर्ज की गई। हालांकि, अगले दो दिनों तक पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में कोहरे का प्रभाव बना रह सकता है। बंगाल की खाड़ी का तूफान बदलेगा मौसम
मौसम विज्ञानी के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों तक तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे रह सकता है। इसके बाद बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से हवाओं की दिशा में बदलाव होने की संभावना है। इससे तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल सुबह और रात में ठंड का असर बढ़ेगा, जबकि दिन में धूप निकलने से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा। अब जानिए अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) क्या है?
ये हवा की क्वालिटी को बताने वाला एक स्कोर है, जो यह समझने में मदद करता है कि हमारे आसपास की हवा साफ है या प्रदूषित। AQI में हवा में मौजूद प्रदूषकों का स्तर मापा जाता है। AQI जितना बढ़ता है, हवा उतनी ही ज्यादा खतरनाक मानी जाती है और हेल्थ रिस्क भी उतना ही बढ़ जाता है। नीचे दिए ग्राफिक से इसे समझिए- खराब AQI हमारी सेहत को कैसे प्रभावित करता है?
जब AQI खराब होता है तो हवा में मौजूद PM2.5, PM10, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड और ओजोन जैसे प्रदूषक हमारे फेफड़ों में गहराई तक पहुंच जाते हैं। ये कण खून के जरिए पूरे शरीर में फैलते हैं। तुरंत से लेकर लंबे समय तक कई तरह की हेल्थ प्रॉब्लम्स पैदा कर सकते हैं। लगातार एक्सपोजर फेफड़ों की क्षमता कम करता है और क्रॉनिक बीमारियों का खतरा बढ़ा देता है। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए-