यूपी में रविवार को युद्ध से निपटने की तैयारियों को परखा गया। शाम 6 बजे सभी 75 जिलों में 10 मिनट के लिए हवाई हमले के सायरन बजे, 10 मिनट के लिए बिजली बंद कर दी गई। सीएम योगी ने लखनऊ में एयर रेड-ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज देखी। उन्होंने कहा- जब संकट आए तब कुआं नहीं खोदा जाता। प्यास लगने से पहले ही हमारी तैयारी होनी चाहिए, ताकि जन-धन के नुकसान को रोका जा सके। हवाई हमले या युद्ध जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए यह मॉकड्रिल की गई। चेतावनी के लिए सायरन बजाए गए। 10 मिनट के लिए बिजली बंद कर दी गई। कौशांबी में एक बिल्डिंग में आग लगने की स्थिति दिखाई गई। इसमें अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। लखनऊ में घर में आग लगने का सीन बनाया गया। फायर सूट पहने जवान ने अंदर फंसे एक व्यक्ति को कंधे पर उठाकर सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान झोपड़ी से आग की तेज लपटें और धुआं उठता रहा। पीलीभीत में तेज धमाकों की आवाज के बाद ब्लैकआउट किया गया। सहारनपुर में भगदड़ में कई लोगों के घायल होने का सीन दिखाया गया। घायल मदद के लिए ‘बचाओ-बचाओ’ चिल्लाते रहे। इसके बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचकर मदद की। सहारनपुर में युद्ध जैसे हालात और बमबारी का दृश्य बनाया गया। धमाकों के बीच चीख-पुकार मची। लोग इधर-उधर भागने लगे। मॉकड्रिल में पुलिस, सिविल डिफेंस, NDRF, SDRF, फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य विभाग की टीमें शामिल हुईं।