योगगुरु बाबा रामदेव ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को ‘पाखंडी’, ‘ढोंगी’ और ‘धूर्त’ कहा है। उन्होंने भगवान कृष्ण को टेढ़े-मेढ़े कहने पर भी आपत्ति जताई। गुस्से में बाबा रामदेव ने कहा, कुछ कथाकार धर्म और भूत-प्रेत बाधा के नाम पर लोगों को डराकर उनका शोषण करते हैं। लोग वेद, पुराण नहीं पढ़ते, न ही संविधान और लोकतंत्र की समझ रखते हैं। इसके बावजूद खुद को सनातनी बताकर हिंदू धर्म बचाने की बात करते हैं। उन्होंने कहा, “अरे तू खुद ही को बचा ले बावले, पाखंडी कहीं का, धूर्त!” बाबा रामदेव ने ये बातें रविवार को जमशेदपुर में कही। उन्होंने 6 दिन पहले ही धीरेंद्र शास्त्री को भगवान का अंशावतार बताया था। धीरेंद्र शास्त्री ने प्रतापगढ़ में बाहुबली विधायक राजा भैया के यहां श्रीराम कथा कही थी, इसमें बाबा रामदेव पहुंचे थे। भास्कर पोल में हिस्सा लेकर अपनी राय दे सकते हैं… अब बाबा रामदेव की 5 बड़ी बातें… 1. वेद, उपनिषद, संविधान नहीं जानते, सनातनी होने का दावा करते हैं कुछ लोग न वेद पढ़े हैं, न दर्शन-उपनिषद पढ़े हैं, न पुराण पढ़े हैं, न रामायण, न महाभारत, न संविधान को जानते हैं, न लोकतंत्र को जानते हैं। खड़े होकर के कुछ का कुछ बकवास करते रहते हैं। कहते हैं कि हम सनातनी हैं, हम हिंदू धर्म को बचाएंगे। ऐसे लोग गलत विचारों के साथ भीड़ को भड़काते हैं। उन्होंने ऐसे कथाकारों को ढोंगी और पाखंडी बताया। 2. धार्मिक उन्माद पैदा कर लोगों का शोषण करते हैं कुछ कथाकार धर्म और भूत-प्रेत बाधा के नाम पर लोगों को डराते हैं। बाल फैलाकर और अजीब मंत्र बोलकर भूत भगाने का नाटक करते हैं। फिर पानी छिड़ककर दावा करते हैं कि समस्या दूर हो गई। यह सब लोगों में धार्मिक उन्माद पैदा कर उनका शोषण करने का तरीका है। उन्होंने कहा कि इस पाखंड का सबसे ज्यादा शिकार महिलाएं होती हैं। 3. राम महान, कृष्ण टेढ़े… माफी मांगकर भी वही बात दोहराई रामदेव ने कहा- ‘राम महान हैं, कृष्ण तो टेढ़े-मेढ़े…’ और फिर माफी मांग ली। माफी मांगकर फिर वहां जाकर बांके बिहारी को मत्था टेक दिया। उसके बाद भी क्या बोल रहा है कि ‘कृष्ण तो टेढ़े ही हैं!’ अरे तेरी मति मारी गई पाखंडी! हम जानबूझकर बोल रहे हैं, ऐसी बातें मत बोलो। समाज में हल्की बातें किसी को भी बोलने का अधिकार नहीं है। हर एक चीज की एक मर्यादा है, एक डिसिप्लिन है, एक प्रोटोकॉल है। 4. पाखंड करने वालों को टोकना जरूरी, इसलिए मंच से ठोका देवी-देवताओं में तुलना नहीं करना। हंसी-मजाक, ठिठोली में भी अपनी अवतारी सत्ताओं का अनादर-अपमान नहीं करना। हमारी क्या औकात कि हम देवी-देवताओं की तुलना करें, उनका अपमान करें, उनका अनादर करें। उनके बारे में हंसी-ठिठोली करें? गलत बात है। व्यक्तिगत रूप से भी कोई ऐसा बोलता है तो उसको समझाते हैं। फिर न समझे तो हमको मंच पर बोलना पड़ता है। क्योंकि कल कोई यह न कहे कि स्वामी रामदेव के होते हुए कोई व्यक्ति पाखंड कर रहा था। उसे स्वामी रामदेव ने नहीं टोका, इसलिए आज हमने यहां मंच से ठोका है। 5. सनातन के नाम पर ढोंग और पाखंड नहीं कर सकते रामदेव ने कहा कि लोगों को पता होना चाहिए कि सनातन के नाम पर ढोंग, आडंबर और पाखंड नहीं किया जा सकता। ऐसी बातें गलत हैं।र इससे भीतर पीड़ा और विक्षोभ होता है। हम साधु हैं, इसलिए कभी भी विक्षिप्तता वाली बातें नहीं करेंगे। अब वो VIDEO देखिए, जिसमें बाबा रामदेव ने शास्त्री को भगवान का अवतार बताया था अब जानिए धीरेंद्र शास्त्री के किस बयान पर विवाद हुआ था शास्त्री ने कहा था- तुम्हारे ठाकुरजी 3 जगह से टेढ़े भगवान श्रीकृष्ण पर धीरेंद्र कृष्ण की टिप्पणी से विवाद हुआ। उन्होंने भगवान श्रीराम की तुलना श्रीकृष्ण से करते हुए कहा- ‘तुम अपने वाले ठाकुरजी की एक भी फोटो देख लो। खड़े भी होते हैं, तो तीन जगह से टेढ़े। पांव के ऊपर पांव, कहीं कमर लचकाएं और टेढ़ी गर्दन करके बंसी बजाते हैं। हमारे वाले तो खड़े भी होते हैं, एकदम सीधे। हमारे वाले का नाम भी सीधा। हमारे वाले का चलना भी सीधा, हमारे वाले दिखते भी सीधे हैं। तुम्हारे वालों का नाम भी टेढ़ा, चलते भी टेढ़े, खड़े भी टेढ़े होते हैं। पर्वत उठाना बड़ी बात नहीं। हमारे भगवान के चेले ने पूरा पर्वत उड़ा दिया था। हमारे वालों का धाम भी सीधा- अयोध्या, तुम्हारे वाले का- वृंदावन!’ शास्त्री बोले- कई लोगों ने मेरी बात का गलत मतलब निकाला हालांकि, इस पर विवाद बढ़ते ही धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो जारी करके सफाई दी। कहा- कई लोगों ने मेरी बात का गलत मतलब निकाल लिया। हम खुद ठाकुरजी और ब्रज के भक्त हैं। जब भी ठाकुरजी से प्रार्थना करते हैं, तो कहते हैं कि हमें ब्रज में वास मिले। उन्होंने कहा- हम श्रीमद्भागवत कथा भी कहते हैं और ठाकुरजी का गुणगान करते हैं। हमारा भगवान राम और कृष्ण में भेद करने का कोई इरादा नहीं था। दरअसल, धीरेंद्र शास्त्री ने मध्यप्रदेश के शिवपुरी में चल रही श्रीराम कथा के दौरान श्रीकृष्ण पर टिप्पणी की थी। 10 अक्टूबर (रविवार) को इसका वीडियो सामने आने के बाद मथुरा के साधु-संतों ने नाराजगी जताई। धीरेंद्र शास्त्री से माफी मांगने को कहा था। धीरेंद्र शास्त्री ने 21 नवंबर को वृंदावन पहुंचकर बांके बिहारी के दर्शन किए थे। उन्होंने कहा था- ब्रजवासियों के चरणों में नाक रगड़कर प्रणाम। जयकारे लगवाए- टेढ़े ठाकुर जी की जय… टेढ़ी टांग वाले हनुमान जी की जय…।