केशव बोले- मुख्यमंत्री कौन होगा, विधायक तय करेंगे:योगी का जवाब- कौन चेहरा है और कौन नहीं, यह सबको पता है

यूपी के डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने बुधवार को एक बयान देकर सियासत गरमा दी है। मौर्य ने जौनपुर में कहा- अभी योगी हमारे मुख्यमंत्री हैं। आगे योगी जी मुख्यमंत्री होंगे या कोई और, यह चुनाव के बाद निर्वाचित विधायक तय करेंगे। उन्होंने कहा- भाजपा का चुनावी चेहरा कमल का फूल है। चुनाव के बाद केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से नेता चुना जाएगा। योगी के समर्थन के सवाल पर मौर्य ने कहा- हां, मैं उनका समर्थन करता हूं। वहीं, लखनऊ में ABP न्यूज के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूछा गया कि क्या वे 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा का मुख्यमंत्री चेहरा होंगे। इस पर उन्होंने कहा, “कौन चेहरा है और कौन नहीं, यह सबको पता है। हर व्यक्ति जानता है।” योगी ने कहा, हम सभी को कमल के निशान पर चुनाव लड़ना है। मैं भी कमल के निशान पर ही चुनाव लड़ूंगा। हमारे लिए कमल ही सबकुछ है। मैं पार्टी का सामान्य कार्यकर्ता हूं। पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसे निभाऊंगा। अखिलेश के अयोध्या दौरे पर योगी का तंज- सटला तो गइला अखिलेश के अयोध्या दौरे पर सीएम योगी ने अपने खास अंदाज में तंज कसा। उन्होंने कहा- ‘याद रखना, ट्रकों के पीछे कभी-कभी लिखा रहता है- सटला त गइला। मतलब- सटे नहीं कि गए।’ उन्होंने कहा- दो नावों की सवारी हमेशा खतरनाक होती है और ऐसा करने वाला कभी सुरक्षित नहीं निकल सकता। अखिलेश यादव अब हमारी लाइन पर आ रहे हैं, यह अच्छी बात है। लेकिन भाजपा की लाइन का तापमान बहुत हाई है। उसके नजदीक आने पर ही इसकी जानकारी होगी। योगी ने एक बार फिर कहा कि सपा को अपने पुराने कृत्यों के लिए रामभक्तों और हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए। ‘दो लड़कों’ की जोड़ी पर तंज- चुनाव से पहले ही गठबंधन फेल योगी ने सपा-कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर मची खींचतान पर तंज कसा। उन्होंने कहा- पहले दो लड़कों की जोड़ी चुनाव परिणाम आने के बाद विफल होती थी, लेकिन इस बार चुनाव से पहले ही विफल हो चुकी है। योगी ने कहा कि एक तरफ दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बैठकें हो रही हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं। इससे बड़ा अपमान क्या होगा? दोनों दलों के बीच एक-दूसरे को शह और मात देने की राजनीति चल रही है। देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल कांग्रेस की ऐसी स्थिति उसकी नकारात्मक सोच का परिणाम है। जनता बार-बार इन दलों को खारिज कर रही है। उन्होंने सपा पर परिवारवाद की राजनीति करने और रामभक्तों की भावनाओं का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- ‘राधे-राधे’ तो शुरुआत है, सपा के लिए ‘राम नाम सत्य’ का समय करीब आ रहा है। एनडीए के सहयोगी दलों में मतभेद की अटकलों को खारिज करते हुए योगी ने स्पष्ट किया कि निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी सहित सभी सहयोगी दल एकजुट हैं और मिलकर चुनाव लड़ेंगे। ‘कानून को चुनौती देने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी’ बुलडोजर कार्रवाई और एनकाउंटर से जुड़े विपक्ष के आरोपों पर सीएम ने कहा कि महिला सुरक्षा और व्यापारियों का सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून को चुनौती देने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विधायकों के टिकट कटने की संभावनाओं पर उन्होंने कहा कि भाजपा में चुनाव समिति की संस्तुति के बाद संसदीय बोर्ड अंतिम निर्णय लेता है और पार्टी जोड़ने का काम करती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पार्टी का सर्वमान्य नेता, आदर्श और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रतीक बताया। सीएम फेस के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए कमल का फूल ही सर्वोपरि है। अखिलेश की ‘घुसपैठिया’ टिप्पणी पर सीएम का पलटवार कार्यक्रम के रैपिड फायर राउंड में सीएम योगी ने विभिन्न शब्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भारत को ‘वर्ल्ड स्पिरिचुअल पावर हाउस’, उत्तर प्रदेश को ‘अनलिमिटेड पोटेंशियल’, श्रीराम को ‘विग्रहवान धर्म’ और भाजपा को ‘नेशन फर्स्ट’ बताया। सीएम ने राहुल गांधी की तुलना ऐसे रॉकेट से की, जिसे लॉन्च तो किया जाता है, लेकिन वह सफल नहीं हो पाता। अपनी माताजी के निधन के दिन ही अंतिम संस्कार करने और प्रधानमंत्री मोदी को रिसीव करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यही संन्यासी धर्म है। वहीं, अखिलेश यादव की ‘घुसपैठिया’ टिप्पणी पर पलटवार करते हुए सीएम ने कहा कि वे अविभाजित उत्तर प्रदेश के नागरिक हैं और 1992 से गोरखपुर में नाथ संप्रदाय की परंपरा के तहत सेवा कर रहे हैं। उत्तराखंड के लिए उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड से गंगा, यमुना और सरयू का जल आता है। वहां के जवान सीमाओं की रक्षा करते हैं, ऐसे में उत्तराखंड के प्रति कृतज्ञता का भाव होना चाहिए। यूपी की अर्थव्यवस्था तीन गुना बढ़ने का दावा योगी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश ‘BIMARU’ राज्य से विकास के इंजन में बदल गया है। 2017 से राज्य की अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और बजट तीन गुना से अधिक बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में अवैध तमंचे और बम बनाने वाली फैक्ट्रियां थीं, अब रिवॉल्वर, राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं और निवेश आकर्षित करने के लिए 36 सेक्टर आधारित नीतियां बनाई गई हैं। योगी के मुताबिक, देश के मोबाइल फोन उत्पादन में यूपी की हिस्सेदारी 55% और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट उत्पादन में 60% है। MSME और ODOP योजना से 3.25 करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बिल्डर और खरीदारों के बीच बातचीत के जरिए 4 लाख घर खरीदारों के आवास संबंधी विवाद सुलझाए गए हैं। 10.5 लाख नियुक्तियों का लक्ष्य योगी ने कहा कि युवाओं को करीब 9.75 लाख नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य 26 जनवरी तक यह आंकड़ा 10.5 लाख तक पहुंचाने का है। महिलाओं, व्यापारियों और निवेशकों की सुरक्षा को लेकर चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि बेटियों, व्यापारियों और सड़क पर चलने वाली महिलाओं पर बुरी नजर रखने वालों के लिए दो ही जगह हैं- जेल या जहन्नुम। राजनीतिक नेतृत्व और भाजपा की चुनावी तैयारी पर योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आदर्श बताया। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के एक साधारण कार्यकर्ता हैं और उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे निभाएंगे।