मायावती बोलीं- अखिलेश का घोषणा पत्र छलावा, सावधान रहें:आजम के ‘वोट कटवा’ बयान पर भड़के ओवैसी, कहा- सपा की वजह से भाजपा जीत रही

बसपा प्रमुख मायावती ने सपा के घोषणा पत्र को चुनावी छलावा बताया। कहा-लोग सावधान रहें। सपा की हालत ‘थोथा चना बाजे घना’ जैसी है। यानी, करना कुछ सिर्फ हवा-हवाई दावें करना है। मायावती ने कहा-सपा का स्वभाव गरीब, दलित, पिछड़ा और मुस्लिम विरोधी है। यही वजह है कि जब राज्यसभा भेजने की बारी आई तो इन्होंने एक धन्नासेठ को टिकट दे दिया। सपा ऐसे धनी और बहुबलियों को मैदान में उतारेगी जो सिर्फ अपने स्वार्थ में डूबे रहेंगे। इधर, सपा नेता आजम खान के ‘वोट कटवा’ वाले बयान पर असदुद्दीन ओवैसी भड़क गए। उन्होंने कहा कि सपा की वजह से भाजपा जीत रही है। उन्हें कौन-सी टीम कहा जाएगा? उन्हें आत्ममंथन करना चाहिए। सपा 2014, 2017, 2019, 2022 और 2024 के चुनाव हारी है। वे भाजपा को नहीं रोक सके। 2022 से 2025 तक सपा ने 13 राज्यों में करीब 600 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन 114 सीटें ही जीत सके। इनमें से 111 सीटें यूपी में थीं। आप उन्हें कौन-सी टीम कहेंगे?” इधर, मंत्री ओपी राजभर ने सपा के घोषणापत्र पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि आपकी सरकार में जमकर तांडव हुआ, यह पहले हम कहते थे, लेकिन अब आपने खुद मान लिया। इसीलिए कसम खा रहे हैं कि अब गुंडई नहीं होगी? उन्होंने कहा, “अगर आप गंगा जी में खड़े होकर भी कहें कि आपके राज में अपराध नहीं होगा, तो भी कोई नहीं मान सकता। नारा देने या वादा करने से जुर्म कम नहीं होता। उसके लिए नीयत होनी चाहिए, जो आप में है नहीं।”