रिपोर्टर- ये बता दो… नुकसान तो नहीं होगा। पता चले कोई खाकर गले ही पड़ गया? राजेश- ये तो बाई चांस हो सकता है, किसी को रिएक्शन करता है तभी मौत हो सकती है। रिपोर्टर- इधर देखिए…अलग-अलग शहरों में जिम में कसरत करने वाले मर रहे हैं, डरना तो पड़ता है? राजेश- नहीं…नहीं भाई, ऐसा नहीं होगा। लेकिन अब है तो स्टेरॉयड…इसलिए रिस्क तो है। रिपोर्टर- कहीं पकड़ लिए गए तब, तो कैसे बचते हैं…? राजेश- जिम के काउंटर में ब्रांडेड कंपनी वाला सामने रखते हैं, बाकी अपना वाला माल सब अलग रहता है। असली दिखाकर नकली बेचते रहो। देखने में सब ओरिजिनल लगता है। रिपोर्टर- देखो… आप लोकल पाउडर दोगे, वो किसी दूसरी कंपनी का होगा… उसको ब्रांडेड के साथ कैसे बेचेंगे? राजेश- अरे तो अंदर लोकल पाउडर होगा, बाहर डिब्बे पर कंपनी का रैपर होगा, ढक्कन भी सील होगा। बार कोड भी लगा होगा। रिपोर्टर- दिखने में नहीं पहचान में आएगा, लेकिन खाने में कोई फर्क तो नहीं होगा। लोग तो असली भी इस्तेमाल कर चुके होंगे? राजेश- अरे नहीं… इतना कौन जान पाएगा। हमारे वाले में स्टेराॅयड थोड़ा ज्यादा होता है, खाते ही लड़के पर असर करने लगता है। रिपोर्टर- ये बताइए… इतनी बड़ी सप्लाई संभाल रहे हैं, इतना माल बनाते कहां पर है? राजेश- हमारी दुकान रोड पर है… घर अंदर की तरफ है। माल वही पर बनता है, तैयार माल को छिपाकर रखते हैं। डिलीवर अलग से करते हैं। रिपोर्टर- सेटिंग भी तो रहती होगी। बिना पैसा दिए-लिए ये सब कहां हो पाता है? राजेश- छापेमारी रोकने के लिए पैसा तो देना ही होता है…। रिपोर्टर- इसको तैयार कैसे करते हैं? कोई चक्कर न हो फंसने वाला…? राजेश- चॉकलेट और बिस्कुट के चूरे में स्टेरॉयड मिला देते हैं। ज्यादा स्टेराॅयड वाला चाहिए तो वह भी मिल जाएगा। नतीजे जल्दी आते हैं, मुनाफा तो इतना कि पूछो मत… मैंने छोटे पैकेट वाला 90 रुपए में तैयार करके 1000 रुपए में बेचा है। रिपोर्टर- ब्रांडेड कंपनी के तो महंगे बिकते हैं…? राजेश- लड़के अलग-अलग पैकिंग पसंद करते हैं। पैकेट, बड़े डिब्बे, फिर बाल्टी तक…। तुम सब ऐसे ही पैक करवाओ, रेट खुद डाल लेना, कम से कम भी एक डिब्बे पर 1800 से 2 हजार तक बचेंगे। 1 मिनट में बना डाला 5 किलो नकली सप्लीमेंट राजेश ने बड़े ऑर्डर के आश्वासन पर हमें नकली सप्लीमेंट बनाकर भी दिखा। राजेश- देखिए… मार्केट में चॉकलेट पाउडर मिलता ही है, बिस्कुट का चूरा आप करवा लेना, इसमें दोनों को अच्छी तरह से मिक्स कर लीजिए। ये काम मशीन से भी कर सकते हैं, इसके बाद इसमें स्टेरॉयड डालते हैं। यहीं पर ध्यान देना होता है कि एक डिब्बे के मटेरियल में कितना स्टेरॉयड डाला जाता है। इसका फिक्स अनुपात होता है, ज्यादा डाल दिया तो जान पर बन जाएगी…बस डिब्बा सील कर दो। रिपोर्टर- डिब्बा और रैपर कहां से मिलेगा? राजेश- तुम्हें नहीं मिलेगा, ये सब हमारे पास ही आता है। लिक्विड स्टेरॉयड इंजेक्शन की डील रिपोर्टर- जिम आने वाले लड़के लिक्विड स्टेरॉयड वाला इंजेक्शन भी मांगते हैं, वो भी मिल जाएगा क्या? राजेश- हमारे पास आपको ये सारे आइटम मिल जाएंगे। रिपोर्टर- इंजेक्शन से लगाने पर कोई दिक्कत तो नहीं आएगी…? राजेश- नहीं…बहुत से लड़के लगाते हैं, आप उन्हें रोकिएगा। मगर बॉडी जल्दी बनाने के चक्कर में तब भी लगा लेंगे। रिपोर्टर- रिस्क कितना है? राजेश- छापा पड़ गया तो ऐसी की तैसी हो जाएगी। रिपोर्टर- छापा क्यों डालेगा कोई… जब असली सप्लीमेंट के साथ बेच रहे तो? राजेश- अरे…ऐसे बेचना ठीक नहीं है। सप्लायर अनस का दावा- ब्रांडेड सप्लीमेंट में मार्जिन नहीं, हमारे प्रोटीन में 50% कमाओगे लिसाड़ी गेट इलाके में दूसरे सप्लायर अनस मोहम्मद का इनपुट मिला। जिम संचालक बनकर जब हम अनस से मिले। तब सामने आया कि उसके परिवार में कई लोग सप्लीमेंट तैयार करते हैं। रिपोर्टर- मैंने कुछ दिन पहले ही जिम खोला है, मेरे पास प्रोटीन सप्लीमेंट्स की खूब डिमांड आ रही है…थोड़ा कमाई वाला बताओ? अनस- पहले आप ये बताओ कि सप्लीमेंट शॉप पर रखेंगे या जिम के अंदर रखेंगे? रिपोर्टर- नहीं… हमारी अलग शॉप है, जिम के बगल में ही रहेगा। अनस- अच्छा… अब आप कंपनी का ब्रांडेड सप्लीमेंट लेते हो तो उसमें मार्जिन नहीं होता है…. हमारा माल लोगे तो 40 से 50% तक कमाओगे…। रिपोर्टर- मतलब…इतना मार्जिन कैसे हो जाता है? अनस- देखिए, ये ब्रांड का सप्लीमेंट है, डिब्बे पर कीमत 4600 रुपए लिखी है। इसको छोड़कर ये हमारा वाला लोकल प्रोडक्ट है। बिल्कुल ब्रांड के जैसा है, इसमें 50% कैलकुलेट कर लीजिए…। रिपोर्टर- मतलब 4600 रुपए कीमत वाले में हम 2300 रुपए कमा लेंगे…? मैं सुबह से मार्केट में हूं, यहां लोग फर्स्ट कॉपी (डुप्लीकेट) और सेकेंड कॉपी भी बोल रहे हैं। इसका क्या मतलब है? अनस- सब सेकेंड कॉपी ही होता है, बस ऐसे समझिए कि एक चम्मच में 25 ग्राम प्रोटीन रहना चाहिए, हमारे में ओरिजिनल कुछ नहीं होता। रिपोर्टर- सप्लीमेंट के ब्रांड ऑन, लैब्राडा… इन सबका डुप्लीकेट मिलेगा क्या? अनस- (मोबाइल स्क्रीन पर ओरिजिनल प्रोडक्ट का फोटो दिखाते हुए) ये 16000 रुपए का है। तो आपको हर ब्रांड जैसे ऑन, आइसोपयोर, लैब्राडा सबकी डुप्लीकेट मिलेंगे। सब कुछ मिल जाएगा। लिक्विड स्टेरॉयड इंजेक्शन की डील अनस- ऐसे कोई नहीं मरता, जो हैवी डोज लेता है, वही जाता है… रिपोर्टर- लिक्विड स्टेरॉयड में थाइगर फार्मा, ब्रिटिश ड्रैगन और डेनिक…इन ब्रांड का नकली है क्या अनस- सब कुछ मिल जाएगा, स्टेरॉयड के साथ आपको सबका नकली माल मिल जाएगा… रिपोर्टर- जिम में जो लोग मर रहे हैं, वो क्या इसकी वजह से ही मर रहे हैं? अनस- नहीं…वो अलग ही खेल चल रहा है। वो स्टेरॉयड की डोज बहुत हैवी ले रहे हैं। रिपोर्टर- जिम में तो ये सब होता नहीं है…आपके प्रोडक्ट की कुछ गारंटी भी है क्या? अनस- कोई नहीं बता पाएगा कि ओरिजिनल नहीं है, किसी को भी चेक करवा देना, रैपर के साथ मिलेगा। वेरिफिकेशन भी होगा। सप्लायर से बात करके 2 बातें और साफ हुई… नकली सप्लीमेंट कहां बनता है? ये कितना नुकसान करता है? ये समझने के बाद हमने एक ऐसे शख्स को भी ढूंढा, जिसका लिवर तक डैमेज हो गया, ऐसे सप्लीमेंट खाने की वजह से… जिम जाने वाले अबू की बॉडी तो बनी, लेकिन पैर के नाखून गिरने लगे इन्वेस्टिगेट के दौरान रिपोर्टर 23 साल के अबू से मिले। अबू कहते हैं- मैंने मेरठ में ही एक हेल्थ क्लब में मेंबरशिप ली। वहां प्रोटीन पाउडर को स्टेरॉयड इंजेक्शन फॉर्म में दिया गया। कुछ ही महीने में मेरी बॉडी बन गई। फिर अचानक से पैरों के नाखून गिरने लगे। कमजोरी महसूस होने लगी। डॉक्टर की जांच में लगभग 70% लिवर इंफेक्शन मिला। मुझे हेपेटाइटिस-सी हो चुका था। डॉक्टर ने मुझको प्रोटीन और स्टेरॉयड बंद करने को कहा। (अबू का इलाज अभी भी चल रहा है।) जिम के जरिए कैसे बिकता है, ये समझिए- जिम संचालक ही प्रमोट करते हैं… जिम में एक्सरसाइज करने वाले लड़के पहले ही महीने से बॉडी के शेप पर ध्यान देने लगते हैं। इसका फायदा जिम संचालक उठाते हैं। लड़कों को डाइट चार्ट बनाकर देते हैं, इसमें प्रोटीन पाउडर को भी शामिल करते हैं। फिर ये सुझाव भी दिया जाता है कि किस कंपनी का पाउडर इस्तेमाल करना है। ज्यादातर संचालक जिम से ही प्रोटीन पाउडर खरीदने पर जोर देते हैं। इस तरह से जिस प्रोडक्ट में उनका मुनाफा होता है, वो वही प्रोटीन पाउडर बेचते हैं। इनपुट ये है कि यूपी के ज्यादातर जिम संचालक ज्यादा मुनाफे के चक्कर में नकली प्रोटीन पाउडर को रिकमेंड कर देते हैं। इसको 6 से 8 महीने तक लगातार खाने से लिवर-किडनी 50% से ज्यादा खराब होने का अंदेशा रहता है। कुछ मामलों में कैंसर तक हुआ है। नकली सप्लीमेंट का स्टॉक छिपे हुए गोदाम में रखकर बचते हैं… इन्वेस्टिगेशन में सामने आया कि सप्लीमेंट के थोक सप्लायर की दुकानें मार्केट में हैं, लेकिन वो बल्क स्टॉक गलियाें के अंदर गोदाम में रखते हैं। दुकान पर ब्रांड के असली डिब्बे रखे जाते हैं। जबकि ऑर्डर की डील होने के बाद माल की सप्लाई गोदाम से दी जाती है। अगर फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट के अधिकारी अचानक छापेमारी करते हैं, तो उन्हें मैटेरियल सही मिलेगा।
प्रोटीन को लेकर नियम सख्त है प्रोटीन पाउडर, प्री-वर्कआउट और अन्य हेल्थ सप्लीमेंट्स को लेकर FSSAI (Food Safety and Standards Authority of India) के नियम हैं- FSSAI लाइसेंस/ रजिस्ट्रेशन जरूरी- भारत में बिकने वाले हेल्थ सप्लीमेंट या प्रोटीन उत्पाद पर FSSAI का 14 अंकों का लाइसेंस नंबर और लोगो होना जरूरी है। लेबलिंग- प्रोटीन पाउडर और न्यूट्रास्युटिकल्स Food Safety and Standards Regulations के दायरे में आते हैं। लेबल पर स्पष्ट लिखा होना चाहिए कि यह दवा नहीं, बल्कि हेल्थ सप्लीमेंट है। पोषण की सही जानकारी- पैकेट पर प्रति सर्विंग प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, फैट, शुगर, विटामिन/मिनरल्स और कैलोरी की सटीक मात्रा लिखी होनी चाहिए। स्टेरॉयड, हार्मोनल बूस्टर पर रोक- सप्लीमेंट्स में ऐसे स्टेरॉयड, हार्मोनल बूस्टर, या असुरक्षित उत्तेजक पदार्थ नहीं मिलाए जा सकते जो सेहत को नुकसान पहुंचाएं। असली-नकली की पहचान कैसे करें अब जानिए डॉक्टर क्या कहते हैं…