यूपी में भीषण गर्मी का कहर जारी है। 48 घंटों में 8 लोगों की मौत हो गई है। गुरुवार को 30 जिलों का पारा 40°C के पार चला गया। झांसी सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 44.7 डिग्री दर्ज किया गया। प्रतापगढ़ में चकबंदी कानूनगो कड़ी धूप में कमरे का ताला खोलते समय छत पर गश खाकर गिर गए। कई घंटे तक धूप में ही पड़े रहे, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं, लखनऊ में स्मारक समिति के दो कर्मचारियों की अलग-अलग समय पर मौत हो गई। हरदोई में गर्मी के चलते ट्रांसफॉर्मर में अचानक आग लग गई। थोड़ी ही देर में ट्रांसफॉर्मर जलकर राख हो गया। कन्नौज में एक युवक ने ट्रैक्टर की ट्रॉली को स्विमिंग पूल में बदल दिया है। ट्रॉली में वाटरप्रूफ प्लास्टिक शीट बिछाकर उसमें पानी भरा गया है। मोहल्ले के बच्चों ने पूल में जमकर मस्ती की। इधर, लखीमपुर खीरी में शुक्रवार सुबह 5 बजे से जोरदार बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया। मौसम विभाग ने आज 35 जिलों में बारिश और आंधी की संभावना जताई है, जबकि 25 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। मानसून कब आएगा? दक्षिण-पश्चिम मानसून ने केरल में समय से 10 दिन पहले दस्तक दी थी। उत्तर प्रदेश में अगले 5-10 दिनों के अंदर मानसून के पहुंचने का अनुमान है। संभावना है कि 15 से 20 जून के बीच कभी भी मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। सामान्य रूप से यूपी में मानसून 20-25 जून को आता है, लेकिन इस बार समय से पहले मानसून के दस्तक देने की उम्मीद है। मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-