झांसी स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन में यात्री को पीटा:MP कांग्रेस का भाजपा विधायक के समर्थकों पर आरोप, MLA ने दर्ज कराई NCR

झांसी रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के अंदर एक यात्री को बेरहमी से पीटा गया। जैसे ही प्लेटफार्म पर रुकी तो 7 से 8 लोग ​​एक्जीक्यूटिव कोच में घुस गए और सीट नंबर 49 पर बैठे यात्री को बुरी तरह पीटने लगे। इससे कोच में दहशत का माहौल हो गया। मारपीट के बाद सभी उतरकर भाग गए। ट्रेन दिल्ली से भोपाल जा रही थी। यात्री के बगल वाली सीट पर बबीना के भाजपा विधायक राजीव सिंह और उनका परिवार सफर कर रहा था। एमपी कांग्रेस ने आरोप लगाया कि विधायक के समर्थकों ने ही मारपीट की है। इधर, देर रात विधायक ने जीआरपी थाने में दो यात्रियों पर रिपोर्ट (एनसीआर) दर्ज कराई है। यात्रियों पर अभद्रता का आरोप लगाया सीट बदलने को लेकर विवाद हुआ बताया जा रहा है कि झांसी की बबीना विधानसभा से भाजपा विधायक राजीव सिंह वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच E-2 में पत्नी और बेटे के साथ दिल्ली से सवार हुए थे। राजीव सिंह का सीट नंबर 8 था, जबकि उनकी पत्नी कमली सिंह का सीट नंबर 50 और बेटे श्रेयांश सिंह का नंबर 51 था। ट्रेन में सवारी यात्रियों ने बताया की 49 नंबर पर विंडो साइड पर राज प्रकाश नाम के यात्री बैठे हुए थे। विधायक ने उनसे कहा कि तुम मेरी 8 नंबर की सीट पर चले जाओ। राज प्रकाश ने सीट बदलने से मना कर दिया। इसके बाद जैसे ही ट्रेन झांसी रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो ट्रेन के कोच में 7 से 8 लोग आए और 49 नंबर की सीट पर बैठे राज प्रकाश के साथ जमकर मारपीट की। यात्री को लात-घूंसे से पीटा। जिसमें उसकी नाक में फ्रैक्चर भी हो गया है। पूर्व मंत्री रावत ने सुरक्षा पर उठाए सवाल
जिस वक्त ट्रेन में मारपीट हुई उस वक्त पूर्व मंत्री रामनिवास रावत भी उसी कोच में सवार थे। पूर्व मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना के बारे में लिखा- ‘वंदे भारत (20172 दिल्ली से भोपाल) में एक्जीक्यूटिव क्लास (E2) में सीट नंबर 49 पर बैठे एक व्यक्ति के साथ 7-8 बाहर से आए लोगों ने पूरे कोच के यात्रियों के सामने मारपीट की। घायल व्यक्ति के नाक, मुंह, कान से खून बहने लगा। इन लोगों का साथ पुलिस के कुछ लोग भी दे रहे थे।’ रावत ने आगे लिखा- वंदे भारत जैसी ट्रेन में ये स्थिति है तो आम ट्रेनों में यात्रियों का क्या हाल होगा? इस तरह की घटनाएं यात्रियों को भयभीत करने का काम करती है। माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी से आग्रह है इस और विशेष ध्यान देने की जरूरत है। दहशत में नजर आए पीड़ित यात्री राज प्रकाशन
ट्रेन जैसे ही रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंची, दैनिक भास्कर ने मारपीट के पीड़ित यात्री राज प्रकाश से बात करने की कोशिश की। लेकिन, वे इतने डरे हुए थे कि उन्होंने बात करने से मना कर दिया। बस इतना कहा कि मैं पुलिस में शिकायत कर रहा हूं। कंपार्टमेंट में बच्चे और महिलाएं सब घबरा गए
ट्रेन में सवार कीर्ति नाम की यात्री घटना के वक्त कोच में मौजूद थी। उन्होंने दैनिक भास्कर को बताया- हमने यह देखा कि 15 से 20 लोग इस ट्रेन में झांसी स्टेशन से चढ़े हुए थे। 49 नंबर सीट पर जो राज प्रकाश जी बैठे हुए थे। उनके ऊपर उन लोगों ने लात-घूंसे, चप्पल जो उनको समझ में आया वह उन्होंने चलाया। उनके नाक में फ्रैक्चर हुआ है। वह खून से लथपथ हो गए थे। कीर्ति ने कहा कि ऐसी प्रीमियम गाड़ियों में, जिसको प्रधानमंत्री जी प्रमोट करते हैं, वंदे भारत जैसी गाड़ियों में एग्जीक्युटिव कंपार्टमेंट में चलकर 15-20 गुंडे किसी यात्री को मारे यह सभी की सिक्योरिटी पर बड़ा सवाल है। इस घटना के दौरान बच्चे थे, महिलाएं थी, सब लोग घबरा गए थे। पूरा कंपार्टमेंट घबरा गया था कि यह अचानक हो क्या रहा है। कीर्ति ने कहा कि जिस किसी ने यह किया है उस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। विधायक हो या कोई भी हो। पुलिसवालों की मौजूदगी में हुई यात्री से मारपीट एक दूसरे यात्री ने कहा- यह बहुत गलत है। तीन-चार पुलिस वाले थे, जब पुलिस ही मिली हुई है तो हम किस हेल्प की बात करेंगे। पुलिस की मौजूदगी में मारपीट हुई है। उसके बाद पुलिस अनजान हो गई। फिर रेलवे की पुलिस आई। वह दूसरी तरफ से आए। उस टाइम पुलिस विभाग के तीन चार लोग थे, जिनके सामने यह मारपीट हुई है। कांग्रेस का आरोप- बीजेपी विधायक के समर्थकों ने पीटा
कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने घटना के पीड़ित का वीडियो शेयर कर लिखा- वंदे भारत ट्रेन में बुजुर्ग यात्री ने 49 नंबर सीट एक्सचेंज करने से इनकार किया। बबीना के बीजेपी विधायक राजीव सिंह के समर्थकों ने झांसी स्टेशन पर पीटा। नाक से खून निकल आया… ये है “सुशासन” की असलियत? उत्तर प्रदेश में कानून नहीं, गुंडा राज चल रहा है। विधायक की तहरीर पर यात्रियों के खिलाफ NCR विधायक राजीव पारीछा ने जीआरपी थाने में तहरीर दी। जिस पर देर रात एनसीआर दर्ज की गई है। विधायक ने जीआरपी को बताया- मैं पत्नी और बेटे के साथ दिल्ली से वंदे भारत में सवार हुआ था। मेरी सीट संख्या 8, पत्नी और बेटे की सीट संख्या 50 व 51 थी। यात्रा के दौरान सीट संख्या 49 व 52 पर बैठे 2 यात्री आपत्तिजनक स्थिति में अत्यधिक पैर फैलाकर बैठे थे। उन्होंने बताया- आसपास की आवाजाही में बाधा पहुंचा रहे थे। उनसे ठीक से बैठने के लिए कहा तो उत्तेजित होकर बहस करने लगे। अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया। स्थिति को टालने के लिए कोच की गैलरी में चला गया। तब उनको संदेह हुआ कि मैं उनकी शिकायत कर रहा हूं तो वे मेरे पास आ गए और विवाद करने लगे। झांसी स्टेशन पर उतरने के बाद उन्होंने अपने कुछ अज्ञात साथियों को बुला लिया और मुझे लेने आए सहयोगी के साथ मारपीट की। यह घटना मेरे और परिवार की सुरक्षा व महिला सम्मान के लिए सीधी चुनौती थी। रेलवे ने कहा कि विवाद हुआ, पर यात्री ने शिकायत नहीं दी झांसी रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने कहा- यात्री के साथ मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। लेकिन यात्री ने किसी के खिलाफ झांसी में कोई शिकायत नहीं दी है। मामला जीआरपी का होने के चलते उन्हें ही इसमें कार्रवाई करनी है। घटना में ट्रेन का संचालन बाधित नहीं हुआ है। ——————– ये खबर भी पढ़ें… नैनी जेल में अतीक का बेटा ‘फांसी घर’ भेजा गया:4 सिक्योरिटी गार्ड, CCTV से निगरानी; कैश मिलने के बाद बदली बैरक माफिया अतीक के बेटे अली अहमद को नैनी सेंट्रल जेल की ‘फांसी घर’ वाली हाई सिक्योरिटी सेल में रखा गया है। अली के पास जेल में कैश बरामद होने के बाद यह सख्ती की गई है। फांसी घर की हाई सिक्योरिटी सेल अन्य बैरकों से काफी दूर है। बैरक के अंदर और बाहर के पूरे रास्ते तक इतने CCTV लगे हैं कि कोई ब्लैंक स्पॉट नहीं है। बैरक के बाहर 4 सुरक्षाकर्मी और नंबरदारों की ड्यूटी लगी है। पढ़िए पूरी खबर