KGMU में मेडिकल स्टूडेंट्स का प्रदर्शन:AIIMS और SGPGI के बराबर इंटर्नशिप स्टाइपेंड की मांग, दो सप्ताह का अल्टीमेटम

किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) समेत प्रदेश के विभिन्न सरकारी मेडिकल कॉलेजों के MBBS और BDS छात्रों ने इंटर्नशिप स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने AIIMS और SGPGI के बराबर स्टाइपेंड देने की मांग उठाते हुए संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे और अपनी मांगें शासन तक पहुंचाने की अपील की। डीन को सौंपा ज्ञापन KGMU में छात्रों ने डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. रश्मि कुशवाहा, डॉ. भास्कर अग्रवाल और डीन पैरामेडिकल डॉ. केके सिंह से मुलाकात कर मांगों का ज्ञापन सौंपा। इसी तरह UNS ASMC जौनपुर समेत प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों के MBBS छात्रों ने भी अपने-अपने प्राचार्यों को ज्ञापन देकर मांगें राज्य सरकार तक पहुंचाने का अनुरोध किया। स्टाइपेंड में इजाफे की मांग छात्रों का कहना है कि उत्तर प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में मिलने वाला इंटर्नशिप स्टाइपेंड AIIMS और SGPGI की तुलना में काफी कम है। उनका कहना है कि जब छात्र समान तरह का काम करते हैं तो उन्हें समान स्टाइपेंड मिलना चाहिए। छात्रों ने वर्तमान स्टाइपेंड में जल्द बढ़ोतरी की मांग की है।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों में अपनी मांगों को लेकर नाराजगी दिखाई दी। अधिकारियों ने छात्रों को उनकी मांगें शासन और संबंधित उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद मरीजों की देखभाल और पढ़ाई प्रभावित न हो, इसे देखते हुए छात्रों ने आंदोलन को फिलहाल दो सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया। 2 सप्ताह का दिवा अल्टीमेटम छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर दो सप्ताह के भीतर उनकी मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं हुआ तो प्रदेशभर के मेडिकल कॉलेजों में फिर से व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।