उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से 3539 प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) पदों के लिए आज, बुधवार को लिखित परीक्षा हुई। पहले दिन प्रदेश के 36 जिलों में शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुआ। परीक्षा की निगरानी पहली बार AI आधारित इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम के माध्यम से की गई, जिसमें 11 फर्जी परीक्षार्थियों की पहचान की गई। कल, गुरुवार को भी परीक्षा होगी। 8 विषयों की परीक्षा हुई संपन्न आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रथम पाली में सामाजिक विज्ञान, शारीरिक शिक्षा, विज्ञान और उर्दू विषय की परीक्षा आयोजित हुई। द्वितीय पाली में हिंदी, गणित, कृषि और संगीत गायन विषय की परीक्षा कराई गई। पहली पाली की परीक्षा 514 और दूसरी पाली की परीक्षा 508 केंद्रों पर संपन्न हुई। TGT भर्ती परीक्षा के लिए कुल 8,68,531 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। पहले दिन दोनों पालियों में कुल 2,21,489 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें महिला अभ्यर्थियों की भागीदारी 45.41% और पुरुष अभ्यर्थियों की 52.42% रही। AI निगरानी में पकड़े गए फर्जी अभ्यर्थी आयोग मुख्यालय में स्थापित AI इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से सभी परीक्षा केंद्रों की रियल टाइम निगरानी की गई। जांच के दौरान लखनऊ, बरेली और चित्रकूट में दो-दो, जबकि जौनपुर और मिर्जापुर में एक-एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए। दूसरी पाली में लखनऊ में दो और हाथरस में एक अभ्यर्थी दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए मिला। कुल 11 फर्जी परीक्षार्थियों में से 9 को स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी परीक्षा केंद्रों से फरार हो गए। सभी मामलों में विधिक कार्रवाई की जा रही है। लखनऊ में 56 केंद्रों पर हुई परीक्षा लखनऊ में कुल 56 परीक्षा केंद्र बनाए गए। परीक्षा दो पालियों में हुई। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित हुई। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान पत्र के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। इनके बिना किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं रही। परीक्षा के दौरान नकल रोकने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था की गई है। केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, उड़नदस्ते और अन्य सुरक्षा उपायों के जरिए परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारी की गई है। पहली पाली में सामाजिक विज्ञान, शारीरिक शिक्षा, विज्ञान और उर्दू विषय की परीक्षा हुई। 2 घंटे का पेपर देकर निकले परीक्षार्थियों ने बताया कि पेपर मॉडरेट लेवल का रहा। और तय समय के भीतर पेपर हो गया। दोनों दिन दो पालियों में होगी परीक्षा परीक्षा दोनों दिन दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक होगी। तीन जून को पहली पाली में सामाजिक विज्ञान, शारीरिक शिक्षा, विज्ञान और उर्दू विषय की परीक्षा होगी, जबकि द्वितीय पाली में हिन्दी, गणित, कृषि और संगीत (गायन) विषय के प्रश्नपत्र हुए। चार जून को पहली पाली में अंग्रेजी, गृह विज्ञान, जीव विज्ञान और संगीत वादन तथा दूसरी पाली में संस्कृत, वाणिज्य और कला विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी।