यूट्यूब पर सुसाइड के वीडियो बैन, पुलिस का खुलासा झूठा:बलिया में बहन बोली- एसपी खुद यहां आएं, हाथ बांधकर लटक कर दिखाएं

यूट्यूब पर सुसाइड के तरीके वाले वीडियो बैन हैं। इस तरह का वीडियो देखकर कोई आत्महत्या नहीं कर सकता। पुलिस झूठ बोल रही है। मेरी बहन की हत्या की गई है। उसकी 25 मार्च को शादी थी। एसपी साहब खुद यहां आएं और खुद हाथ बांधकर लटक कर दिखाएं। बहन की शादी का ब्रीफकेस दिखाते हुए नेहा ने ये बात कही। 22 मार्च को घर के बाहर युवती का शव पेड़ से लटका मिला था। एसपी ओमवीर सिंह ने शुक्रवार को इस मामले का खुलासा किया। बताया कि ये आत्महत्या का मामला हो सकता है। युवती की सर्च हिस्ट्री से भी ये पता चलता है। हालांकि परिजन इसे सच नहीं मान रहे। उनका कहना है कि बेटी की हत्या की गई। उन्होंने न्यायिक जांच की मांग की है। शनिवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी मृतका के गांव पहुंचे। उन्होंने सही खुलासे की मांग की। इस मामले को लेकर दैनिक भास्कर की टीम बलिया जिला मुख्यालय से 50 किमी दूर मृतका के गांव सराय गुलाब राय पहुंची। यहां पर ग्रामीणों से बात की। परिजनों का दर्द जाना। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… पहले पढ़िए SP का खुलासा पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया- पुलिस जांच में सामने आया कि युवती के फोन से दो नंबरों पर सबसे अधिक बात की गई थी। इनमें से एक नंबर उस युवक का था, जिससे युवती की शादी तय हुई थी। दूसरा गांव के ही एक युवक का है। फोन कॉल डिटेल और रिकॉर्डिंग के आधार पर मामले को आत्महत्या के रूप में देखा जा रहा है। युवती के फोन की यूट्यूब हिस्ट्री जांचने पर पता चला कि घटना से पहले उसने आत्महत्या से संबंधित वीडियो देखे थे। जहां तक पीछे हाथ बंधे होने की बात है, तो जिस तरीके से हाथ बांधा गया था वो इस बात की ओर संकेत करता है कि यह खुद से किया गया हो सकता है। पुलिस के खुलासे पर तीन सवाल… 1- जिस तरह से युवती का हाथ पीछे बंधा हुआ था, क्या इस तरह कोई अपना हाथ बांधकर फंदे पर 15 फीट ऊंचाई के पेड़ से लटक सकता है? 2- हाथ बांधकर कर आत्महत्या करने का तरीका यूट्यूब पर सर्च करना। यूट्यूब पर इस तरीके के वीडियो बैन। तो फिर पुलिस यह बात कैसे कह रही है? 3- किचन में बिखरा हुआ आटा कुछ और ही इशारा कर रहा है, इस पर पुलिस कुछ नहीं बोल रही? अब पढ़िए ग्रामीणों और परिजनों की बात पहले भास्कर टीम मृतका के घर सराय गुलाब राय गांव पहुंची। जहां अब भी पुलिस तैनात है। मृतका के घर बाहर एक जामुन का पेड़ है। जिस पर उसका शव लटका मिला था। उस पेड़ की ऊंचाई 20 फीट है। जहां पर शव लटका था, वहां पर वहीं चढ़ सकता है। जो रोजाना पेड़ों पर चढ़ता होगा। आम लड़की इतनी ऊंचाई पर नहीं जा सकती है। वो भी हाथ बांधकर। इस बारे में वहां मौजूद पुलिसवालों से सवाल किया, लेकिन किसी ने कोई सही जवाब नहीं दिया। तैयारी का अटैची निहारती रही बहन
इसके बाद मृतका के घर पहुंचे। यहां सबसे पहले हमारी मुलाकात पूजा की छोटी बहन नेहा से हुई। पूजा की शादी का ब्रीफकेस दिखाते हुए नेहा ने कहा- बहन की शादी की तैयारियां हम लोग कर रहे थे। लेकिन हमें क्या पता था कि मेरी बहन को इस तरह मौत के घाट उतार दिया जाएगा। बहन की हत्या कर दी गई है। उसके बाद 20 फीट ऊंचे पेड़ पर उसे हाथ बांधकर लटका दिया गया। SP ने खुलासा कर दिया है। उन्होंने कहा है कि पुजा ने आत्महत्या की है। एक बार वो खुद आएं और उनका हाथ बांधा जाए, देखा जाय कि क्या वो उस तरह कर सकते हैं। अगर कोई पेड़ पर चढ़ेगा, तो उसके हाथ पर निशान पड़ जाएंगे। जबकि मेरी बहन के हाथ पर कोई निशान नहीं थे। हम लोगों को शव तक नहीं दिखाया
मेरी बहन के बाल बिखरे थे। बालों में आटा लगा है। उसके साथ किचन में पहले मारपीट की गई है। उसके बाद हत्या की गई। हम लोग मां का इलाज कराने लखनऊ गए थे। मेरी बहन घर में अकेली थी। घटना की सूचना मिलने के बाद हम लोग आए। जब हम लोग यहां पहुंचे तब तक लाश को पुलिस वाले ले जा चुके थे। हम लोगों ने कहा- शव को दिखाओ तो पुलिस ने कहा थाने आओ। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। यूट्यूब पर सुसाइड के वीडियो बैन, पुलिस झूठ बोल रही
बहन ने बताया- पुलिस ने यह भी कहा कि यूट्यूब से देखकर सुसाइड किया है। मैं कहती हू आप लोग खुद सर्च करके देखिए, क्या कोई ऐसा वीडियो यूट्यूब पर है। सुसाइड करने वाले वीडियो यूट्यूब पर बैन हैं। हमारा पुलिस से भरोसा पूरी तरीके से उठ चुका है। पुलिस झूठ बोल रही है। दरिदों ने सभी हदों को पार कर दिया
​​​मृतका के पिता धर्म राज ने कहा- हमें बलिया पुलिस पर भरोसा नहीं है। मैं नगरा थाना का चौकीदार भी हूं। मेरी बेटी की हत्या हुई। पुलिस वाले भी मेरा साथ नहीं दे रहे हैं। हाथ बांध कर कोई कैसे सुसाइड कर सकता है। आत्महत्या का सवाल ही नहीं। दरिदों ने सभी हदों को पार कर मेरी बेटी को मार डाला। मेरी बेटी की एक महीने बाद शादी थी। सारी तैयारियां चल रही थी। आधा सामान भी आ गया था। मेरी मांग है कि इस मामले की हाईकोर्ट के सिटिंग जज से जांच कराई जाए। मृतका के भाई संदीप ने बताया- मेरी बहन दो बदमाशों ने मार डाला है। वह घर पर खाना बना रही थी। उसी दौरान उसकी हत्या करके शव को लटका दिया गया। वह सुसाइड नहीं कर सकती। वह अपनी शादी से खुश थी। पुलिस केवल झूठ बोल रहे हैं। मेरी बहन को इंसाफ मिले। इसके बाद टीम ने गांव के पड़ोसियों से बातचीत करनी चाही। पड़ोसियों ने कैमरे पर बात करने से मना कर दिया। बिना पहचान के बताया- कोई भी हाथ बांध कर सुसाइड नहीं कर सकता है। जिस दिन घटना हुई उस दिन युवती घर पर अकेली थी। घर पर शादी के सामान रखा था। इस घटना को बदमाशों ने अंजाम दिया है। क्योंकि उसके किचन में सारा सामान बिखरा पड़ा था। युवती के बालों और हाथ में भी आटा लगा था। किचन में पहले मारपीट की गई। उसके बाद हत्या करके शव को लटका दिया है। अब पढ़िए घटना… रविवार सुबह धर्मराज चौहान की बेटी पूजा का शव पेड़ से लटका मिला। उसके हाथ पीछे करके बंधे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाया। उसे कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटना के समय मृतका के माता-पिता और छोटी बहन लखनऊ गए हुए थे। परिवार को जब घटना की सूचना मिली, तो वे देर शाम घर लौटे। युवती की मां ने बताया था, मेरी बेटी से शाम 6:06 बजे फोन पर बात हुई थी। उसने बताया कि वह खाना खाकर सोने जा रही है। सुबह हमें खबर मिली कि वह फांसी से लटकी हुई है। पुलिस ने हमारी एक नहीं सुनी और शव को जबरदस्ती ले गई। ————————————— ये खबर भी पढ़ें…. बलिया में हत्या कर लड़की को घर के सामने लटकाया:पीठ के पीछे दोनों हाथ बंधे थे, एक महीने बाद होनी थी शादी बलिया में शादी से एक महीने पहले युवती की हत्या कर दी। शव घर के सामने पेड़ पर लटका दिया। उसके दोनों हाथ बंधे थे। पिता उसकी मां का इलाज कराने लखनऊ गए थे। वह घर में 2 दिन से अकेली थी। पढ़ें पूरी खबर…