खाना देकर लौट रहे युवक पर हमला, मौत:बिजनौर में भाई ने तलवार से वार कर हत्या का आरोप लगाया; सीएचसी में परिजनों का हंगामा

बिजनौर के नूरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात खाना देकर लौट रहे 37 वर्षीय अरवेन्द्र सिंह पूरन की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। गांव राहूनंगली निवासी अरवेन्द्र, महिपाल सिंह के बेटे थे। रात करीब 9:30 बजे वे मौहल्ला गोविंद नगर में सूरज सिंह के बेटे इकबाल सिंह को खाना देने गए थे। लौटते समय गोविंद नगर में पिल्खन के पेड़ के नीचे घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। परिजन अरवेन्द्र को सरकारी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। भाई ने तलवार से वार कर हत्या का आरोप लगाया मृतक के भाई गुरचरन सिंह पुत्र महिपाल सिंह ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें नामजद हमलावरों पर तलवार से वार कर भाई की हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने पहले से योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। हमले में भाई के भी टूटे दांत गुरचरन सिंह ने तहरीर में बताया कि वह भी घटना के समय भाई के साथ थे। हमले में उन्हें भी चोट आई और उनके दांत टूट गए। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले उनकी मां की भी हत्या कराई गई थी और उन्हें पहले भी जान से मारने की धमकी दी गई थी। सीएचसी में हंगामा, कार्रवाई की मांग मौत की खबर मिलने पर परिजन और सिख समुदाय के लोग सीएचसी पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में हंगामा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीओ देश दीपक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया है।