लखीमपुर में युवक को मगरमच्छ खा गया:आगरा में हाथी घाट तक बाढ़, संत प्रेमानंद वृंदावन में यमुना का रौद्र रूप देख व्यथित

यूपी में नदियां उफान पर हैं। गंगा, यमुना समेत नदियों का बढ़ता जलस्तर लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद मथुरा के वृंदावन में हालात बिगड़ गए हैं। 50% इलाका बाढ़ प्रभावित है। राधा वल्लभ मंदिर में पानी भर गया। वृंदावन का परिक्रमा मार्ग पूरी तरह डूब चुका है। बांके बिहारी मंदिर से यमुना की दूरी 600 मीटर है, लेकिन अब महज 100 मीटर रह गई। यानी 500 मीटर तक बाढ़ का पानी पहुंच गया। संत प्रेमानंद महाराज ने अपने शिष्यों के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। बाढ़ को देखकर वह व्यथित हो गए। प्रेमानंद जी एकदम शांत रहे और यमुना को निहारते रहे। आगरा में हाथी घाट तक यमुना की बाढ़ पहुंच गई है। सड़कों पर 2 से 3 फीट पानी भरा है। सड़क पर आवाजाही बंद हो गई है। लखीमपुर खीरी में मगरमच्छ एक युवक को खा गया। मझगई थाना क्षेत्र के मुर्गहा गांव में युवक अपने दोस्त के साथ खेत से घर लौट रहा था। तभी, नाले से अचानक मगरमच्छ निकला और उसने युवक पर हमला कर दिया। मदद के लिए उसने आवाज लगाई तो दोस्त पीछे पलटा। आसपास काम कर रहे लोग भी दौड़े, लेकिन तब तक मगरमच्छ युवक को मार चुका था। हमले के बाद मगरमच्छ दोबारा नाले में चला गया। ग्राम प्रधान का कहना है कि नाले में करीब 4 मगरमच्छ हैं, लेकिन वन विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। बिजनौर गंगा बैराज स्थित रावली तटबंध गंगा कटान से क्षतिग्रस्त हो गया। सिंचाई विभाग और प्रशासन के अधिकारी कटान रोकने में जुटे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली-पौड़ी हाईवे पर यातायात रोक दिया गया है। आगरा के ताजमहल की बाउंड्रीवाल तक यमुना का पानी पहुंच गया है। कन्नौज में सोमवार दोपहर भारी बारिश हुई। इस दौरान 700 साल पुराने मकबरे की दीवार ढह गई। उसकी चपेट में आने से तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गए। मलबे में पांच बाइकें दब गईं। प्रयागराज के घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। छोटा बघाड़ा इलाके में 1 हजार से ज्यादा घर डूब गए हैं। आज 22 जिलों में बारिश का अलर्ट है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 2.6 मिमी बारिश हुई। यह मौसम विभाग के औसत अनुमान 5.9 मिमी से 56% कम है। वहीं, मानसून सीजन में अब तक 647.5 मिमी बारिश दर्ज हुई है। यह औसत अनुमान 647.3 मिमी से बराबर है। यानी अब तक प्रदेश में कोटे की बारिश पूरी हो चुकी है। तस्वीरें देखिए- आज कहां हो सकती है बारिश, जानिए
अब तक कोटे के बराबर बारिश हुई बाढ़ और बारिश से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…