सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा। उन्होंने शायराना अंदाज में कहा- कुछ लोग सिर्फ चुनाव के वक्त नजर आते हैं। अपनों पर जुल्म होने पर गायब हो जाते हैं। अखिलेश ने ऐसे लोगों को ‘सियासत के खानाबदोश सौदागर’ बताते हुए कहा कि वे उतना ही बोलते हैं, जितना उन्हें मिलता है। नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद मंगलवार को बागपत पहुंचे। उन्होंने कहा- भाजपा को रोकने के लिए वह विपक्षी गठबंधन में शामिल होने को तैयार हैं। जयंत चौधरी पर निशाना साधते हुए बोले- अगर वे थोड़ी समझदारी दिखाते तो भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाता। यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अखिलेश को 12 दिसंबर की बजाय 6 दिसंबर को अयोध्या जाने की सलाह दी। उन्होंने कहा- रामभक्ति की नौटंकी कर अखिलेश अपने पुराने कारनामे नहीं छिपा सकते। दरअसल, 6 दिसंबर 1992 को अयोध्या में कारसेवकों ने बाबरी ढांचे को ढहा दिया था। भाजपा इस दिन को शौर्य दिवस के रूप में मनाती है।