लखनऊ में महिला के हाथ-पैर बांधकर लातों से पीटा:उल्टा लटकाया, प्राइवेट पार्ट पर डंडे मारते रहे; इंस्पेक्टर बोले- मामूली मारपीट

लखनऊ में एक महिला को लोगों ने हाथ-पैर बांधकर लातों से पीटा। मारते-मारते उल्टा लटका दिया। प्राइवेट पार्ट पर डंडे से मारा। इस दौरान महिला छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन न मारने वालों ने छोड़ा, न ही देख रहे लोगों ने उसे बचाया। घटना इंदिरानगर के सुगामऊ में झुग्गी-झोपड़ी की 6 नवंबर की है। इसका वीडियो मंगलवार, 10 नवंबर को सामने आया। इसके बाद आसपास के लोगों ने वहां पहुंचकर जमकर हंगामा किया। जिस जगह पर महिला के साथ मारपीट की गई थी। गुस्साए लोगों ने घटना वाली जगह बनी झोपड़ पट्टी में आग लगाने की कोशिश की। लेकिन सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को संभाल लिया। इस दौरान इंदिरानगर इंस्पेक्टर ने हैरानी वाला बयान दिया। उन्होंने कहा- वह मामूली मारपीट की घटना थी। 5 तस्वीरें देखिए- महिला के मुंह से खून भी निकला, लेकिन किसी ने नहीं बचाया वीडियो में महिला के पैर में रस्सी बंधी दिख रही है। करीब 40-50 लोग उसे जमीन पर गिराकर पीछे की तरफ डंडों से पीट रहे हैं। मारपीट के दौरान महिला के मुंह से खून भी निकलता दिख रहा है। लेकिन मौके पर इकट्ठा भीड़ में उसे किसी ने नहीं बचाया। मोहल्ले के रहने वाले सूरज कुमार ने बताया- पीड़ित महिला अपने पति और बच्चे के साथ किराए पर रहती है। सुबह के समय महिला टहलने निकली थी। तभी एक झुग्गी में रहने वाला बच्चा सड़क पर था। गाड़ियों की आवाजाही देख महिला ने बच्चे को सड़क किनारे किया। इस पर झुग्गी में रहने वाले महिला को पकड़कर मोहल्ले में ले गए। वहां उसे बुरी तरह से पीटा। इसके बाद पुलिस से शिकायत की गई लेकिन पुलिस ने बिना मेडिकल कराए ही महिला को घर भेज दिया। इंस्पेक्टर बोले- इसको कुछ नहीं हुआ, नाटक करती है हैरानी की बात यह है कि इलाके में इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। 4 दिन बाद वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया। मंगलवार को मामला सामने आते ही आसपास के लोग बस्ती में पहुंच गए। हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने झुग्गियों में तोड़ फोड़ कर आग लगाने की कोशिश की। इसकी सूचना पर पुलिस पहुंची। इंस्पेक्टर इंदिरानगर अजय नारायण सिंह भी पहुंचे। उन्होंने पीड़िता को देखकर कहा- इसको कुछ नहीं हुआ। इसको क्या हुआ है? नौटंकी कर रही है। दरअसल, घटना के दिन महिला के घरवाले इंदिरा नगर थाने गए थे। उनका आरोप है कि इंस्पेक्टर अजय नारायण ने शिकायत ही नहीं ली। हम लोगों को वापस घर भेज दिया। एसआई गौरव समझौते का दबाव बना रहे थे। एडीसीपी पूर्वी अमोल मुरकुट ने कहा- वीडियो 5 दिन पुराना है। वह महिला जरहरा गांव के रहने वाली है, मानसिक कमजोर है। आरोपियों को शक था कि बच्चा चुराने आई है, जिसके चक्कर में उसको पीटा है। मुकदमा दर्ज करके तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।