सपा मुखिया अखिलेश यादव चुनावी मोड में आ गए हैं। गोरखपुर में 20 किमी. लंबा रोड शो कर रहे हैं। अखिलेश ने PDA रथ की छत पर चढ़कर कार्यकर्ताओं के सामने जोड़े। समर्थकों ने उन पर फूल बरसाए। क्रेन से माला पहनाई। रोड शो में सपाई रथ के आगे और पीछे दौड़ रहे हैं। ‘टीपू इज बैक’ के पोस्टर लहरा रहे हैं। डीजे पर ‘यूपी के कोने-कोने में भैयाजी को जिताना है’ और ‘2027 में अखिलेश आ रहे हैं’ जैसे गाने बजा रहे हैं। अखिलेश बुधवार दोपहर 12.30 बजे निजी विमान से गोरखपुर पहुंचे। एयरपोर्ट के बाहर एक हजार से ज्यादा सपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। ढोल-नगाड़े के साथ 6 बटुकों ने मंत्रोच्चारण किया। रोड शो गोरखपुर शहर, गोरखपुर ग्रामीण और चौरी चौरा यानी 3 विधानसभा क्षेत्र से गुजरेगा। सपा प्रमुख चौरी-चौरा में रैली भी करेंगे। भाजपा के पूर्व नेता विनय कुमार सिंह बिन्नू की 10वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होंगे। अखिलेश शहीद बंधु सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। दिवंगत हरिशंकर तिवारी के घर यानी तिवारी का हाता जाएंगे। उन्हें योगी का विरोधी माना जाता है। गोरखपुर में 9 विधानसभा सीटें हैं। 2022 चुनाव में सभी सीटें भाजपा को मिली थीं।