अयोध्या में आज शनिवार को 10वां दीपोत्सव मनाया जा रहा है। दीपोत्सव पर साकेत महाविद्यालय पर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह झांकियों को हरी झंडी दिखाई। 21 झांकियां 4km दूर रामकथा पार्क तक जाएंगी। शिवमद्रा का दल झांकी की अगुवानी करते हुए सबसे आगे चल रहा है। 7 रामायण से जुड़ी झांकी और 14 यूपी और केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी हैं। दोपहर में रामकथा पार्क में उपराष्ट्रपति डॉ. सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवान राम का राज्याभिषेक करेंगे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगी। यहां कई देशों की टीमें अंतरराष्ट्रीय रामलीला का मंचन करेंगी। वहीं सरयू किनारे राम की पैड़ी के 56 घाटों को सजाया गया है। शाम को यहां 30 लाख दीये जलाए जाएंगे। सरयू महाआरती में 2,147 अर्चक एक साथ शामिल होंगे। वहीं, 2,100 ड्रोन आसमान में रामायण के प्रसंगों को जीवंत करेंगे। दीपोत्सव के मुख्य कार्यक्रम में केवल 6 हजार श्रद्धालुओं को प्रवेश मिलेगा। जिला प्रशासन ने इनके लिए पहले ही पास जारी कर दिए हैं। हालांकि, मुख्य कार्यक्रम समाप्त होने के बाद श्रद्धालु राम की पैड़ी पहुंचकर दीपोत्सव देख सकेंगे। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप में सजाया गया है। दीपोत्सव देखने के लिए देशभर से करीब 10 लाख श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचने की संभावना है।