आगरा में बेकाबू DCM ने 3 लड़कियों को रौंदा:कोल्ड स्टोरेज मैनेजर की बेटी की मौत; भीड़ ने ड्राइवर को पीटा, नशे में था

आगरा में शनिवार रात तेज रफ्तार DCM ने 3 लड़कियों को रौंद दिया। हादसे में कोल्ड स्टोरेज मैनेजर की 22 साल की बेटी की मौत हो गई। जबकि 2 लड़कियां घायल हुई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा 9:10 बजे हुआ। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के कालिंदी विहार में 4 लड़कियां सड़क किनारे टहल रही थीं। तभी पीछे से आए बेकाबू DCM ने चारों को टक्कर मार दी। मैनेजर की छोटी बेटी दूर जा गिरी। लेकिन बड़ी बेटी DCM के अगले बंफर में फंस गई और वह करीब 25 फीट तक घिसटती चली गई। आगे जाकर DCM ड्राइवर ने दूसरी गाड़ी को भी टक्कर मार दी। राहगीरों के शोर मचाने पर ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भागने लगा। लोगों ने दौड़ाकर उसे पकड़ा और पिटाई कर दी। पुलिस ने तीन घायल लड़कियों को अस्पताल पहुंचाया। जहां मैनेजर की बड़ी बेटी को मृत घोषित कर दिया गया। आरोपी ड्राइवर को हिरासत में लिया गया है। वह नशे की हालत में था। घटना का CCTV सामने आया है। घटना से जुड़ीं 3 तस्वीरें देखिए… अब पढ़िए पूरा मामला कालिंदी विहार के H-ब्लाक में रहने वाले मनमोहन सिंह प्रकाश कोल्ड स्टोरेज में मैनेजर हैं। कैला देवी मंदिर के सामने खुशबू जुरैल (22 साल) अपनी बहन भूमि (18 साल), पड़ोसी शिखा कुशवाह के साथ अपनी सहेली निशा चौधरी (20) निवासी गोविंद कॉलोनी को छोड़ने आई थीं। सभी सड़क किनारे पैदल चल रही थीं। तभी तेज रफ्तार डीसीएम आई। दो युवतियां दूर जाकर गिरीं उसने तीन युवतियों को चपेट में ले लिया। खुशबू डीसीएम के साथ घिसटती गई, जबकि शिखा और निशा टक्कर से दूर जाकर गिरीं। इसके बाद डीसीएम दूसरे वाहन से टकरा गई। हादसे के बात चीख पुकार मच गई। राहगीरों ने चालक को पकड़ लिया। खुशबू गाड़ी के नीचे फंस गई। उसे निकाला। राहगीर उसे तत्काल पास के चौहान हॉस्पिटल ले गए। जहां गंभीर हालत होने पर उसे रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। बाकी की दोनों युवतियों को इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां उनका उपचार चल रहा है। हम लोग टहल रहे थे, पीछे से टक्कर मारी
बहन भूमि ने बताया- आईसीसी स्कूल के सामने हम लोग टहल रहे थे। तभी पीछे से डीसीएम वाले ने हम लोगों टक्कर मार दी। मेरी दीदी निशा और शिखा दीदी थी। मैं तो साइड हट गई थी, मेरे नहीं लग पाई। उनके ज्यादा लग गई है। मेरी बहन डीसीएम में फंस गई। मौके पर एक भैया थे। उन्होंने हमारी बहन को निकाला। उन्होंने अस्पताल पहुंचाया। मेरी बहन की मौत हो गई है। मेरी बहन एमकाम कर रही थी। लोगों ने ड्राइवर को पीटा
दिनेश ने बताया- मेरे घर के पास में हादसा हुआ है। मैं दुकान पर बैठा था। कभी सूचना मिली कि कॉलोनी की तीन बच्चियों को एक गाड़ी वाले ने टक्कर मार दी है। घटना के बाद कॉलोनी के लोगों ने गाड़ी के ड्राइवर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है, और गाड़ी भी पुलिस के पास है। लोगों ने ड्राइवर की पिटाई भी कर दी है। शराब के नशे में था ड्राइवर
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया- मैक्स का ड्राइवर शराब के नशे में था। हादसे की जगह से करीब 500 मीटर पहले देशी शराब का ठेका है। मैक्स उसी साइड से आई थी। उसकी रफ्तार बहुत तेज थी। चालक का नियंत्रण नहीं था। इसके चलते ही सड़क किनारे टहल रही युवतियों को उसने रौंद दिया। लोगों ने चालक की पिटाई भी लगाई। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। —————– ये खबर भी पढ़ें होमगार्ड भर्ती में वसूली, 2 डॉक्टर समेत 3 हिरासत में:कानपुर में टेढ़ी नाक और कमजोर आंख बताकर अनफिट करने का आरोप कानपुर में होमगार्ड भर्ती के मेडिकल टेस्ट में वसूली को लेकर गुरुवार देर शाम जमकर हंगामा हुआ। अभ्यर्थियों ने मेडिकल में अनफिट करने का डर दिखाकर रुपए मांगने का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस लाइन में एक डॉक्टर की कार में बैठे युवक अजीत को पीट दिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पूरी खबर पढे़ें