मथुरा में आंधी-बारिश, स्कूलों की छुट्‌टी करनी पड़ी:हाथरस में धान की हजारों बोरियां भीगी, पश्चिम यूपी के 37 जिलों में अलर्ट

यूपी में शुक्रवार सुबह मथुरा में आंधी के साथ तेज बारिश हुई। मौसम के अलर्ट को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। हाथरस में मूसलाधार बारिश से सड़कों पर जलभराव हो गया। मंडी में रखी धान की फसल भीग गई। आज 37 जिलों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट है। लखनऊ मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के पास बने पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिम यूपी में बारिश हो रही है। इससे पहले गुरुवार को नोएडा और गाजियाबाद समेत 20 शहरों में आंधी-बारिश हुई। नोएडा में 7 मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग की शटरिंग गिर गई। 14 कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। कासगंज में बिजली गिरने से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई। उधर, लखनऊ में बाढ़ से हालात बिगड़े हुए हैं। फैजुल्लागंज इलाके की 3 लाख से ज्यादा आबादी प्रभावित है। गोमती का जलस्तर घटने जरूर लगा है, लेकिन घरों में 20वें दिन भी पानी भरा है। गलियों में नावें चल रही हैं।