आजम का किला ढहाने वाले IAS को नहीं मिला सेवा-विस्तार:संगीता सिंह मुरादाबाद की कमिश्नर बनीं; यूपी में 17 IAS के तबादले

यूपी सरकार ने रविवार रात 17 IAS अधिकारियों का तबादला कर दिया। अलीगढ़ की मंडलायुक्त संगीता सिंह को मुरादाबाद का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। रामपुर में सपा नेता आजम खान का किला ढहाने वाले IAS आन्जनेय सिंह को 8वीं बार सेवा विस्तार नहीं मिला। उन्हें यूपी सरकार ने रिलीव कर दिया है। इससे उनका सिक्किम कैडर में लौटना तय हो गया है। हालांकि वे अब नई दिल्ली में सिक्किम के स्थानिक आयुक्त के पद पर तैनाती पाने का प्रयास कर रहे हैं। आन्जनेय सिंह 6 मार्च 2021 से 14 अगस्त 2026 तक करीब 5 साल और 5 महीने मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर (मंडलायुक्त) रहे। 14 अगस्त को उनके सेवा विस्तार की अवधि खत्म हो गई थी। अगले दिन 15 अगस्त को वे मुरादाबाद डीएम राजेंद्र पेंसिया को अपना चार्ज देकर 2 माह की छुट्‌टी पर चले गए थे। चीनी किल्लत की खबरों के बीच IAS अमृतपाल कौर को बड़ी जिम्मेदारी प्रदेश में चीनी की किल्लत की खबरों के बीच बड़ा बदलाव किया गया है। 2019 बैच की IAS अधिकारी अमृतपाल कौर को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड का संयुक्त प्रबंध निदेशक बनाया गया है। वह इससे पहले प्रतीक्षारत थीं। अमृतपाल कौर मूल रूप से पंजाब के गुरदासपुर जिले के नानोवाल खुर्द गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा-2018 में देशभर में 44वीं रैंक हासिल की थी। इसके बाद उन्हें 2019 बैच में भारतीय प्रशासनिक सेवा के लिए चुना गया और उत्तर प्रदेश कैडर मिला। किसे-कहां मिली नई तैनाती, देखें लिस्ट विभाग क्यों बदले गए, वजह जानिए… डॉ. राजशेखर से नाराज थे मंत्री स्वतंत्रदेव यूपी जल निगम (ग्रामीण) के एमडी डॉ. राजशेखर को हटा दिया गया है। माना जा रहा है कि गांवों में हर घर नल योजना के क्रियान्वयन की शिकायतों के बाद उनका तबादला किया है। उन्हें नियोजन विभाग का सचिव बनाया गया है। शासन में इसे साइड लाइन पोस्टिंग मानी जाती है। राजशेखर की कार्यशैली से जलशक्ति मंत्री और विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव से नहीं बन रही थी। दोनों उनकी कार्यशैली से नाराज थे। पिछले दिनों एक बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी नाराजगी जाहिर की थी। राजशेखर की जगह सहकारिता विभाग के आयुक्त एवं निबंधक योगेश कुमार को जल निगम ग्रामीण का प्रबंध निदेशक जैसा महत्वपूर्ण पद दिया गया है। मंत्री दयाशंकर दयालु की नाराजगी के बाद हटीं चैत्रा वी. महानिदेशक आयुष एवं मिशन निदेशक राष्ट्रीय आयुष मिशन के पद पर तैनात चैत्रा वी. को साइडलाइन कर राजस्व परिषद में सदस्य (न्यायिक) बनाया गया है। चैत्रा वी. की विभाग के प्रमुख सचिव रंजन कुमार और विभागीय मंत्री दयाशंकर मिश्रा दयालु से नहीं पट रही थी। दोनों उनके कामकाज को लेकर नाराज थे। सीएम योगी तक मामला भी पहुंचा था। IAS चैत्रा वी तब सुर्खियों में आईं थी, जब अगस्त 2025 में लखनऊ के होटल कारोबारी नरेन राज पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए थे। इस मामले में आलमबाग थाने में FIR दर्ज कराई थी। चैत्रा वी का आरोप था कि कारोबारी उन्हें लगातार मानसिक रूप से परेशान कर रहा था। बड़े होटल उद्यमियों से परिचय कराने का दबाव बना रहा था। उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। कुमार प्रशांत को मिला महत्वपूर्ण पद लंबे समय से राज्य सूचना आयोग के सचिव पद पर तैनात कुमार प्रशांत को अब सहकारिता विभाग में आयुक्त एवं निबंधक बनाया गया है। वहीं, सचिवालय प्रशासन विभाग के सचिव गुर्राला श्रीनिवासुलु का तबादला कर उन्हें राज्य सूचना आयोग का सचिव बनाया गया है। प्रतीक्षारत आईएएस अधिकारी अमृतपाल कौर को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ का संयुक्त प्रबंध निदेशक बनाया गया है। वहीं, अपर आबकारी आयुक्त एवं सहकारी चीनी मिल्स संघ के संयुक्त प्रबंध निदेशक नवनीत सेहरा से संयुक्त प्रबंध निदेशक का कार्यभार वापस लिया गया है। रवींद्र कुमार से चार्ज वापस लिया समाज कल्याण विभाग के सचिव प्रमोद कुमार उपाध्याय का तबादला कर उन्हें ग्राम्य विकास आयुक्त बनाया गया है। नगर विकास विभाग के सचिव रवींद्र कुमार से एमडी यूपी जल निगम नगरीय और राज्य मिशन निदेशक अमृत का चार्ज वापस ले लिया गया है। उनकी जगह मासूम अली सरवर को इन दोनों पदों का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उनसे नियोजन विभाग के सचिव का कार्यभार वापस लिया गया है। इसके अलावा कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा के विशेष सचिव देवेंद्र कुमार पांडेय को उपभोक्ता मामले विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। LDA के सचिव पशुपालन विभाग में भेजे गए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के सचिव विवेक श्रीवास्तव का तबादला कर उन्हें पशुपालन विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अमृत त्रिपाठी को राजस्व परिषद, प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) बनाया गया है। राजस्व परिषद के सदस्य (न्यायिक) ओमप्रकाश राय का तबादला कर उन्हें उच्च शिक्षा विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। …………………………… ये खबर भी पढ़ें… रक्षाबंधन पर 3 दिन बसों में मुफ्त सफर करेंगी महिलाएं:साथी पुरुष को भी छूट; योगी बोले- प्राइवेट गाड़ी वाले मनमानी न करें रक्षाबंधन पर यूपी में महिलाओं को योगी सरकार ने बड़ी सौगात दी है। महिलाएं 3 दिन रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। यह सुविधा 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक मिलेगी। महिला के जा रहे पुरुष को भी यह सुविधा मिलेगी। पूरी खबर पढ़ें…